अपना जिला

चुनावी रंजिश में सपा नेता पर हमला, पत्नी को लगी गोली, हालत गंभीर

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के रैदासपुर गांव में बुधवार की रात करीब 9.30 बजे बाइक सवार बदमाशों की गोली से सपा नेता की पत्नी घायल हो गई। जिला अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे चुनावी रंजिश को कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी।  
रैदासपुर गांव निवासी चंद्र प्रकाश यादव चंदू सपा के बूथ प्रभारी हैं। बुधवार की रात करीब 9.30 बजे वह अपने दरवाजे पर बैठकर खाना खा रहे थे। उसी वक्त एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चंदू को लक्ष्य कर गोली चला दी। खतरे को भांप कर चंदू चारपाई पर झुक गए, जिससे उनके ठीक पीछे बैठी पत्नी मनीषा (35) के कंधे पर गोली लग गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो बदमाश फरार हो गए।
घायल मनीषा को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सपा प्रत्याशी लकी यादव के भाई ओम यादव समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। घटना की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है।
एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि गोली लगने से महिला के घायल होने की सूचना मिली है। पीड़ित की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *