लाठी डंडे से पीटकर युवक की हत्या, काश! समय पर मदद करती पुलिस तो बच सकती थी जान

मऊ। योगी जी यह आपकी हलधरपुर पुलिस है यह बात पर ज्यादा विश्वास करती काम पर कम। तभी तो थाने से महज कुछ दूरी पर युवक को लाठी डंडे से खूब पीटा जाता है और उसे जब लोग घायलावस्था में भागे भागे थाने लाते हैं तो न समय से त्वरित उपचार कराया जाता है और ना ही अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही। ऐसे में परिवार का आरोप पुलिस पर लगाना लाजिमी है। इस खबर को नवागत पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय को भी संज्ञान में लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मझौली गाँव में सरेशाम सरेराह राजमार्ग संख्या 34 पर अपरान्ह पौने पाँच बजे आशीष मद्धेशिया पुत्र घूरहू मद्धेशिया 21 वर्षीय युवक को कुछ लोगों ने घर से बुलाकर राड व डंडे एवं हथौड़े बुरी तरह पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। युवक मझौली गाँव का निवासी है। घटना की सूचना कुछ राहगीरों ने महज पाँच सौ मीटर की दूरी पर स्थित थाने पर दिया। इस बीच ग्रामीणों ने घायल युवक को थाने पहुँचाया। किंतु काफी देर तक कोई कारवाई न होता देख तथा घायल की स्थिति बिगड़ती देख परिजन व सहयोगी जिला अस्पताल ले गए। जहाँ से चिकित्सक पुनः सी.एच.सी. भेज दिए। गंभीर रूप से घायल आशीष की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवा बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। आशीष पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
घटना के बाद हलधरपुर पुलिस की भूमिका पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने कोई मदद समय रहते नहीं की।
युवा पुत्र की मौत का समाचार सुनते ही माता-पिता सहित घर के अन्य सदस्यों के करुण क्रंदन से सभी की आंखें नम हो नम हो गई। मृतक के पिता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि थाना मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 पर हुई इस घटना में पुलिस की शिथिलता देखने को मिली। घटना की सूचना के बाद भी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर नहीं पहुंची। जिससे हमलावर भागने में सफल रहे, साथ ही जब परिजन एवं अन्य लोग घायल अवस्था में आशीष को लेकर थाने पहुंचे तो वहां भी कोई कागजी कार्रवाई नहीं की गई। अंत में कुछ समय बाद परिजन घायल आशीष की बिगड़ती हालत देख स्वयं आशीष को लेकर जिला अस्पताल गए। जहां कागजी कोरम पूर्ति के अभाव में चिकित्सकों ने इलाज करने से मना कर पुनः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वापस भेज दिया। इस दौरान गंभीर रूप से घायल आशीष की हालत अत्यधिक रक्तस्राव एवं चोट के कारण बिगड़ती गई और अंत में उसने दम तोड़ दिया। हिन्दुस्थान समाचार/आनन्द कुमार

