विश्व फोटोग्राफी दिवस पर फोटो जर्नलिस्ट को मिला पुरस्कार, लैब टेक्निशियन निशि पांडेय को सौंपा

पटना से वरिष्ठ पत्रकार उज्ज्वल कुमार लिखते हैं आज सुबह-सुबह जब इस वीडियो को देखा तो तबीयत खुश हो गयी। एक ओर जहां पुरस्कार हथियाने की होड़ मची रहती है, वैसे में कोई अपना पुरस्कार किसी दूसरे को सौंप दे, तब वह सच में सराहनीय है।
ये हैं मनीष कुमार। पटना में फोटो पत्रकारिता करते हैं। पिछले दो दशक से ये फोटो पत्रकारिता की दुनिया में हैं। अलग-अलग अखबारों और मीडिया संस्थानों के लिए मनीष ने काम किया है। फिलहाल दैनिक जागरण समूह के साथ जुड़े हैं। पिछले दिनों इन्हें विश्व फोटोग्राफी दिवस के मौके पर बिहार फोटोग्राफर्स एसोसिएशन ने सम्मानित किया गया। इन्होंने अपना पुरस्कार न्यू गार्डिनर अस्पताल में काम करनेवाली एक लैब टेक्निशियन निशि पांडेय अनल को भेंट कर दिया। मनीष इस लैब टेक्निशियन निशि को अपनी बहन मानते हैं।
निशि पांडेय अब तक 60 हजार लोगों की कोरोना जांच कर चुकी हैं। मनीष कहते हैं, जब वे कोरोना पीड़ित हुए थे उस समय भी ये कोरोना जांच में लगी थीं। इन्होंने कोरेाना से जंग जीतने में मोटिवेशन दिया। यहीं से बहन का प्रेम मिलने लगा। आज मनीष फिर से फोटोग्राफी करने के लिए मैदान में उतर गये हैं। मनीष को मैं भी कोई 16-17 सालों से जानता हूं। स्वभाव से काफी मेहनती हैं। निश्चल भी हैं। मनीष ने अपना मेडल सौंपते हुए निशि पांडेय को सलाम किया। मनीष कहते हैं कि असली पुरस्कार की हकदार तो निशि पांडेय जैसी दूसरी बहनें और बेटियां हैं, जो अपनी जान और परिवार की चिंता किये बिना सतत सेवा में लगी हैं।
आप दोनों प्रशंसा के पात्र हैं। आप दोनों को शुभकामनाएं। ईश्वर आप दोनों को स्वस्थ रखें।
मनीष कुमार के लिंक पर जाने के लिए यहां क्लिक करें।
https://www.facebook.com/1400618315/videos/1507894709569705/





