पत्नी,मां,पिता,बहन,मासूम बेटे ने नम् आंखों से दी शहीद को विदाई, रोते हुए बोले जय हिन्द

@पवन कुमार पाण्डेय…
मऊ, 20 जुलाई (हि.स.) देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले मधुबन के शहीदी धरती के वीर शहीद राजीव यादव राजू यादव का पार्थिव शरीर बुधवार को पैतृक गांव पंहुचते ही पहले से मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम कर दी। परिवार के लोग अपने लाडले के शहीद होने पर दहाड़े मार कर रोने लगे तो गांव, पड़ोसी, शुभचिंतक, दोस्त-मित्र, भारत के वीर सपूत के शहीद होने पर अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धांजलि व्यक्त कर इस विपदा की घड़ी में दु:ख सहने की शक्ति देने की भगवान से प्रार्थना करते नजर आएं। सुबह से ही शहीद के गांव लोगों के जुटने का सिलसिला शुरू हुआ तो थमने का नाम नहीं लिया।
शहीद राजीव यादव राजू का पार्थिव शरीर जब तिरंगे में लिपटा उतरा तो भारत माता के जयद्योष के साथ जय हिन्द के नारे से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। उनका अंतिम संस्कार दोहरीघाट मुक्तिधाम पर किया गया।
बता दे कि मधुबन क्षेत्र के परसिया केशवपुर निवासी इंद्रदेव यादव के बड़े पुत्र राजीव यादव राजू बीते 12 जूलाई को ड्यूटी के दौरान बम विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उधमपुर में इनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान ही 18 जुलाई की सुबह उनकी मौत हो गई। सेना द्वारा सम्मान के साथ जवान के शव को बुधवार को घर लाया गया।
राजीव यादव राजू वर्ष 2012 में सेना में भर्ती हुए थे। इनकी पत्नी प्रतिमा यादव मध्यप्रदेश के रीवा में स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं। इनका ढाई वर्ष का मासूम बेटा मां के साथ रहता है। राजीव की पांच माह पूर्व कोलकाता से जम्मू के सतवारी में 72 फील्ड रेजिमेंट के आर्टीलरी में तैनाती हुई थी। जवान की मौत से इकलौती बहन के साथ ही उसके पिता इंद्रदेव यादव, माता राधिका देवी और पत्नी प्रतिमा यादव बेसुध हो गई थी। वहीं सेना में ही पठानकोट में तैनात उसके छोटे भाई राहुल यादव भी घटना से आहत है। भारत माता की जय, राजीव यादव अमर रहे, शहीद तेरा यह बलिदान, याद करेगा हिंदुस्तान जैसे नारों से पूरा वातावरण गूँजता नजर आया।
पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचने से पूर्व शहीद के दर्शन के लिए शहीद इण्टर कालेज पर लोग जुटे। यहीं वह जगह है जहाँ शहीद सेना भर्ती के लिए रोज दौड़ लगाया करते थे। वहां से कारवां कटघरा शंकर स्थित शहीद स्मारक एंव फिर शहीद स्थल मधुबन पहुंचा। वहां से पैतृक गांव पंहुचा जहां सेना के जवानों और उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों द्वारा गार्ड आफ आनर दिया गया। इस दौरान पत्नी, माता, पिता, भाई, बहन आदि ने सैल्यूट कर अपने जांबाज को अंतिम विदाई दी। शहीद को सम्मान के साथ जवान के शव का दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हजारों लोग मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी के नेता हौसला प्रसाद उपाध्याय सहित समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, भासपा, बसपा आदि के नेता सामाजिक लोगों की उपस्थित रहे सभी की आंखे नम थी। हिन्दुस्थान समाचार/आनन्द कुमार






जय हिन्द