योगी के आदेश का नहीं हो रहा है पालन, पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में ही सड़क गड्ढा मुक्त नहीं
आनन्द कुमार…
वाराणसी/ राजातालाब।झूठा है तेरा वादा, वादा तेरा वादा, वादा तेरा वादा, वादे पर तेरे मैं मारा गया, वंदा मैं सीधा साधा… किसी फिल्म का यह गाना इस समय किसी प्रेमी-प्रेमिका पर चरितार्थ नहीं हो रहा है। बल्कि इस समय यह गाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और सूबे के मुखिया उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उनके गड्ढा मुक्त सड़क करने के वादों पर झूठा साबित हो रहा है। और इसके लिए योगी के अधिकारी दोषी हैं! उनके जनप्रतिनिधि दोषी हैं! लेकिन उनका! मुख्यमंत्री योगी का वादा झूठा साबित हो रहा है तो उसमें लोग मुख्यमंत्री योगी से ही सवाल कर रहे हैं और करें क्यों नहीं, योगी जी ने ही तो गड्ढा मुक्त सड़क देने का अधिकारियों को 30 नवंबर 2022 तक का समय दिया था। ऐसे में सिस्टम के किस कमजोर कड़ी की वजह से योगी का वादा वाराणसी ही नहीं यूपी के अधिकत्तर हिस्सों में झूठा साबित हो रहा है। सबसे ज्यादा हास्यास्पद और चिढ़ाने टाइप की बातें तो प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी साबित हो रहा है।
सीएम योगी आदित्यनााथ ने सड़कों को 30 नवम्बर तक गड्ढा मुक्त करने का दावा किया था लेकिन हक़ीक़त यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के तहसील मुख्यालय राजातालाब क्षेत्र की कई सड़कें ख़स्ताहाल है। आलम यह है कि राजातालाब पंचक्रोशी मार्ग, ला कालेज रोड वाया कचनार और रानी बाज़ार होकर बतौर पहले चरण में गोद लिए पीएम सांसद आदर्श गाँव जयापुर और क्षेत्रीय विधायक नील रतन पटेल नीलू के गाँव शाहंशाहपुर जाने वाली वीआईपी सड़क बदहाल है। इस रास्ते से राजातालाब तहसील और आराजीलाईन ब्लाक आने वाले वादकारी, फ़रियादी, अधिवक्ता, बैंक के लिए ग्राहक, तमाम सरकारी दफ़्तरों के लिए कर्मचारियों व आमजन सहित छात्र, किसान, मज़दूरों का आवागमन बड़ी संख्या में बना रहता है, लेकिन पंचक्रोशी मार्ग और ला कालेज रोड जगह-,जगह क्षतिग्रस्त है और सड़क पर जानलेवा गड्ढे हैं जिसके बीच से होकर राहगीरों को गुजरना पड़ता है। इस गड्ढे के पास पहुँचने वाले वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना मजबूरी है, अन्यथा दुर्घटनाएँ हो सकती हैं। मालूम हो कि पीएम के संसदीय क्षेत्र वीआईपी ज़िले के शानो-शौक़त में सड़कों का अहम रोल माना जाता है।
इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी को ट्वीट करके मुख्यमंत्री का ध्यान दिलाया है कि कृपया वह वाराणसी के सड़कों की दुर्दशा को देखें कि आपके वादों को अधिकारी किस तरह से नजरअंदाज कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि किस तरह से उदासीन बने हुए हैं। श्री गुप्ता ने मुख्यमंत्री से कहा है कि इसे देखें और अधिकारियों को निर्देश दें कि वह सड़कों का तत्काल मरम्मत कराकर, आपके वादों को झूठा साबित होने से बचाएं और जनहित में जनता के लिए सुगम यातायात हेतु सड़क की व्यवस्था करें।






