विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामीणों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

० हाथों में पर्यावरण रक्षा के स्लोगन की तख़्तियाँ लेकर रैली निकाल लोगों को किया गया जागरूक
वाराणसी/ मिर्जामुराद (05/06/2022) मनरेगा मज़दूर यूनियन के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को गौर गाँव में विचार गोष्ठी का आयोजन के साथ रैली निकाल पर्यावरण संरक्षण का शपथ लिया गया।
विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि आराजी लाईन ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि डा. महेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि सभी को पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। आज ग्लोबल वॉर्मिंग भारत ही नहीं पूरे विश्व की समस्या है। विश्व पर्यावरण दिवस लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी का एहसास करने के लिए मनाया जाता है। ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी समझें व पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगायें। बतौर मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता ने कहा कि आज लोगों को पर्यावरण की वास्तविक स्थति को समझने की आवश्यकता है। आज प्रदूषण व ग्लोबल वॉर्मिंग के कारण पर्यावरण की स्थति दिन प्रतिदिन गिरती जा रही है। बेहतर भविष्य व पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर से प्रयास करने चाहिए।
इसके पहले ग्रामीणों ने गाँव में एक रैली निकाली और लोगों को पर्यावरण के बढ़ रहे प्रदूषण के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने रैली में बैनर, तख़्तियाँ लेकर पेड़ लगाने, प्रदूषण कम करने की लोगों से अपील की.
अंत में दिलाई गई शपथ…
यूनियन के संयोजक सुरेश राठौर ने कार्यक्रम में सम्मिलित सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। संचालन नेहा जायसवाल ने किया। बतौर विशिष्ट अतिथि नरेगा संघर्ष मोर्चा की राष्ट्रीय समन्वयक अपूर्वा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया. इस अवसर पर सुरेश राठौर, डा. महेंद्र सिंह पटेल, राजकुमार गुप्ता, अपूर्वा गुप्ता, नैन्शी, रेनू पटेल, प्रियंका, श्रद्धा, नेहा जायसवाल, पूजा, निशा, रोहित, अरमान, अली हसन, मुश्तफा, सरस्वती, सुमन, शीला, कमल पटेल, आदि लोग शामिल थे।





