सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का पूरा प्रयास करूंगा : पंकज चौधरी
० राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार, यूपी की जिम्मेदारी गौरव की बात
री
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि वह राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे देश की राजनीति के केंद्र माने जाने वाले राज्य की जिम्मेदारी मिलना अपने आप में गौरव की बात है।
पंकज चौधरी ने कहा कि उनके पास संगठनात्मक कार्य का 35 वर्षों का अनुभव है और उनका कार्य करने का तरीका हमेशा सभी को साथ लेकर चलने का रहा है। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी वह टीम के सभी सदस्यों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का पूरा-पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि जमीनी कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं और पार्टी में वे सर्वोपरि हैं। कार्यकर्ताओं के सम्मान और मान-मर्यादा की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी वे पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं के हित में कार्य करते रहेंगे।
तीन प्रमुख अभियान चल रहे हैं
पंकज चौधरी ने बताया कि पार्टी वर्तमान में तीन प्रमुख अभियानों पर काम कर रही है—
पहला, अटल शताब्दी समारोह।
25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई जाएगी। 24 दिसंबर को उनसे जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
25 से 31 दिसंबर तक सुशासन दिवस मनाया जाएगा। अटल जी के सुशासन मॉडल—सब्सिडी वाला राशन, केसीसी कार्ड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और स्वर्णिम चतुर्भुज—को याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देशभर में फोरलेन और सिक्स लेन एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है।
इसी क्रम में 25 से 31 दिसंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊँची प्रतिमाओं का उद्घाटन करेंगे और विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
दूसरा, वीर बाल दिवस।
26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। यह दिवस साहिबज़ादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत को समर्पित है। जिला स्तर पर कार्यक्रम होंगे और विद्यालयों में बच्चों को उनके बलिदान से परिचित कराया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित हो।
तीसरा, एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण)।
पंकज चौधरी ने कहा कि यह कार्यक्रम संविधान के तहत चुनाव आयोग द्वारा किया जा रहा है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता इसमें सहयोग कर रहे हैं ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम न छूटे और मृत या गलत नाम सूची से हटाए जा सकें।
मीडिया से अपील
उन्होंने कहा कि वह टकराव की राजनीति में विश्वास नहीं रखते। मीडिया से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में सरकार और संगठन के सकारात्मक कार्यों को जनता तक पहुँचाने में सहयोग करें।
पीडीए और विपक्ष पर बयान
पंकज चौधरी ने कहा कि पीडीए का मतलब “परिवारवादी दलों का एलायंस” है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में समय-समय पर बदलाव संगठन की आवश्यकता के अनुसार होते हैं।
भाजपा के अलावा किसी अन्य दल में यदि किसी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना हो, तो उसे पुनर्जन्म लेना पड़ेगा।

