कवि अशोक यादव की दो कविताएं, कनाडा के ‘अखबार हिंदी अब्रॉड’ में जगह

हिंदी अब्रॉड समाचार पत्र कनाडा से प्रकाशित होता है, जिसके चीफ एडिटर रवि आर पाण्डेय है। यह समाचार पत्र साप्ताहिक है,जो हर शुक्रवार को प्रकाशित होता है। इस समाचार पत्र के वर्ष 19, अंक 8, दिनांक 29 जुलाई 2022 शुक्रवार के पृष्ठ 9 विविध भाग में कवि अशोक कुमार यादव, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला दाबो, शिक्षक नगर जिला मुंगेली,छत्तीसगढ़,भारत के दो स्वरचित कविताएं-1) सावन सुन्दरी 2) तुम आगे बढ़ो, को स्थान मिला। विदेश के समाचार पत्र में कविताएं प्रकाशित होने पर दोस्तों, परिजनों, कवियों और शिक्षकों ने शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी।
कविता- सावन सुन्दरी…
आ गया सावन का मधुमास पल,
नारी की लहराने लगी हरित चुनरी।
सज-धज कर सोलह श्रृंगार करके,
मन-मगन नाच रही सावन सुन्दरी।।
बदन भीग रहा है रिमझिम फुहार से,
धरा में चारों ओर छायी है हरियाली।
चमक कर बिजली खींच रही तस्वीर,
गगन से उतरकर आयी है खुशहाली।।
तरु की डालियों में बांधकर झूला,
झूलकर मिलन गीत तुझे गाना है।
मुख मुद्रा और नैनों से करके इशारे,
संगदिल पिया को तुझे रिझाना है।।
सखियों के संग होगी हंसी-ठिठोली,
सौन्दर्य स्पर्धा का फैलेगा इंद्रजाल।
जीतना होगा तुझको प्रज्ञ प्रतिभा से,
रूप,यौवन की मल्लिका बेमिसाल।।
सिर में धारण करोगी हीरक मुकुट,
आभा से नैसर्गिक होगी प्रतीपमान।
तुम्हारी ही चर्चा जन करेंगे चहुंओर,
विद्या की देवी देगी अनुपम सम्मान।।
कविता- तुम आगे बढ़ो…
शिक्षा में तुम आगे बढ़ो,
तुम बढ़ो आगे खेल में।
प्रतिभा को तुम दिखादो,
तुम बढ़ो आगे मेल में।।
नृत्य में तुम आगे बढ़ो,
तुम बढ़ो आगे गीत में।
संगीत की धुन सुनादो,
तुम बढ़ो आगे रीत में।।
कर्म में तुम आगे बढ़ो,
तुम बढ़ो आगे धर्म में।
भक्ति से प्रभु जगादो,
तुम बढ़ो आगे मर्म में।।
नैतिकता में तुम आगे बढ़ो,
तुम बढ़ो आगे महायोग में।
जन-जन सेवा तुम करदो,
तुम बढ़ो आगे सब लोग में।।
राजनीति में तुम आगे बढ़ो,
तुम बढ़ो आगे व्यापार में।
गरीबी को तुम दूर भगादो,
तुम बढ़ो आगे संसार में।।
कवि- अशोक कुमार यादव मुंगेली,छत्तीसगढ़ (भारत)।




