नगर पंचायत सादात में चला बुल्डोजर, कुछ प्रशासन ने कुछ लोगों ने स्वयं हटाया अतिक्रमण

सादात/ गाजीपुर। नगर पंचायत में बुधवार को सड़क पटरी पर किये गए अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटवाया गया और नगर को अतिक्रमण मुक्त करने की कोशिश प्रशासन द्वारा की गई। नगर पंचायत सादात के अधिशासी अधिकारी संदीप सिंह और थानाध्यक्ष प्रवीण यादव के नेतृत्व में चलाये गये इस अभियान के दौरान मजुई चौराहा से रघुवंश चौराहा होते हुए मुख्य बाजार तक लगभग दो दर्जन से अधिक लोगों का अतिक्रमण हटवाया गया वहीं प्रशासन का तेवर देख बहुतेरे लोग खुद भी अपना अतिक्रमण हटा लिए। सुबह करीब दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक यह अभियान चलाया गया। सबसे पहले ईओ के नेतृत्व में टाउन एरिया कार्यालय के कर्मचारी और एसओ के नेतृत्व में काफी संख्या में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मजुई चौराहा से रघुवंश चौराहा, बस स्टैंड होते हुए मुख्य बाजार में पुराने सिनेमा हाल चौराहा तक अतिक्रमण हटवाया। बुलडोजर से सड़क पटरी किनारे से चबूतरा और नाली के ऊपर के अतिक्रमण को हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों को दो दिन पूर्व ईओ और एसओ ने बैठक करने के साथ ही नगर में घूमकर खुद ही अतिक्रमण हटाने का समय दिया था। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने दुकानें और नाली के ऊपर से अतिक्रमण नहीं हटाया। लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटवाया। इस दौरान कस्बा में अफरा तफरी जैसी स्थिति रही। ईओ ने बताया कि रेलवे स्टेशन के साथ ही शेष बचे इलाके में शुक्रवार 27 मई को अतिक्रमण हटवाने का कार्य किया जाएगा।



