अपना जिला

रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने मऊ-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झण्डी

मऊ। रेल राज्य मंत्री एवं संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  मनोज सिन्हा ने मंगलवार को मऊ जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान 15071/15072 मऊ-लखनऊ द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारम्भ एवं पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मण्डल के 60 स्टेशनों पर स्थापित वाई-फाई सुविधा का लोकार्पण किया। उन्होंने मऊ-लखनऊ द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारम्भ विशेष गाड़ी संख्या-05071 को हरी झण्डी दिखाकर किया ।

समारोह को सम्बोधित करते हुये रेल राज्य मंत्री एवं संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस की सभी को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनायें देते हुये कहा कि मऊ एवं आसपास की जनता की लखनऊ हेतु एक और यात्रा सुविधा की माँग को ध्यान में रखकर मऊ-लखनऊ के बीच आज से द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारम्भ किया जा रहा है, जिससे मऊ और मार्गवर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को प्रदेश की राजधानी लखनऊ आने-जाने में सहूलियत होगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि आज के सूचना तकनीक के युग में देश को आगे बढ़ाने के लिये माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इण्डिया कार्यक्रम के उद्देश्यों की पूर्ति में भारतीय रेल अहम् भूमिका निभा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे सहित देश के अनेक स्टेशनों पर निःशुल्क इण्टर नेट सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस अभियान को विस्तार देते हुये वाराणसी मण्डल के 60 प्रमुख स्टेशनों पर हाल ही में उपलब्ध कराई गई निःशुल्क फ्री वाई-फाई सुविधा का लोकार्पण भी आज किया जा रहा है। इससे इन 60 स्टेशनों पर आने वाले यात्रियों निःशुल्क इण्टरनेट की सुविधा उपलब्ध हो गई है।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलों पर आने वाली चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिये इसके आधारभूत ढाँचे को मजबूत करने के लिये अनेक दूरगामी प्रभाव वाले प्रयास किये जा रहे हैं। पूरे देश में रेल लाइनों के आमान परिवर्तन, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, नईलाइन एवं स्टेशनों के आधुनिकीकरण तथा यात्री सुविधाओं में विकास के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशिक्षण संस्थानों एवं कारखानों के निर्माण एवं उन्नयन का कार्य भी तत्परता से पूरा किया जा रहा है। श्री सिन्हा ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के लगभग सभी छोटी लाइन खण्डों का आमान परिवर्तन बड़ी लाइन में हो चुका है और जो खण्ड बचे हैं, उनका आमान परिवर्तन कार्य स्वीकृत किया जा चुका है। निकट भविष्य में पूर्वोत्तर रेलवे पूर्णतः बड़ी लाइन का होगा।
श्री सिन्हा ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के बाराबंकी-छपरा व औड़िहार-वाराणसी सिटी रेल खण्डों का दोहरीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। छपरा-इलाहाबाद, भटनी-औंड़िहार, औंड़िहार-जौनपुर, इन्दारा-फेफना, मऊ-शाहगंज रेल खण्डों का दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इसी के साथ बुढ़वल-गोण्डा, डोमिनगढ़-गोरखपुर-कुसुम्ही तीसरी रनिंग लाइन तथा गोरखपुर-नकहा दूसरी रनिंग लाइन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। महाराजगंज-मसरख नई लाइन का निर्माण पूरा हो चुका है। ताड़ीघाट-गाज़ीपुर-मऊ नई रेल लाइन का निर्माण कार्य भी तेजी से हो रहा है। भारतीय रेल पर रेलपथ के विद्युतीकरण का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे पर रेल खण्डों के विद्युतीकरण का कार्य बड़ी तेजी से किया जा रहा है और सम्पूर्ण रेल खण्ड को यथा शीघ्र विद्युतीकृत किये जाने की योजना को स्वीकृति प्रदान की गयी है। गोरखपुर-कप्तानगंज एवं कप्तानगंज-पनियहवा खण्ड का विद्युतीकरण हाल ही में पूरा किया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 14 जुलाई, 2018 को वाराणसी-गाज़ीपुर सिटी-बलिया रेल खण्ड के विद्युतीकरण परियोजना का लोकार्पण किया गया तथा उनके द्वारा वाराणसी-गाज़ीपुर सिटी-बलिया खण्ड पर विद्युत कर्षण से चलने वाली मेमू ट्रेन का शुभारम्भ भी किया गया।

 

रेल राज्य मंत्री एवं संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तर प्रदेश में विगत चार वर्षों में 410 किमी नई रेल लाइन का निर्माण, 576 किमी रेल पथ का दोहरीकरण तथा 2156 किमी. रेल खण्ड का विद्युतीकरण किया गया है। इस दौरान 92 आर.ओ. बी. एवं 400 आ.यू.बी. का निर्माण भी किया गया है। यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के क्रम में 157 नई गाड़ियों के संचलन के साथ ही बायो ट्वायलेट, सौर ऊर्जा संयंत्र, वाई-फाई , वाॅटर वेण्डिंग मशीन, एस्कैलेटर एवं लिफ्ट आदि की स्थापना का कार्य में आशातीत तेज़ी आई है।
अपने सम्बोधन में सांसद हरिनरायन राजभर ने कहा कि अगर मनोज सिन्हा यूपी के मुख्यमंत्री बनते-बनते रह गये, अगर वे मुख्यमंत्री बनेेेे होते तो इस क्षेत्र का तेजी सेे विकास हुआ होता। उन्होंने मऊ-लखनऊ द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन के शुभारम्भ एवं वाराणसी मण्डल के 60 स्टेशनों पर स्थापित वाई-फाई सुविधा के लोकार्पण के लिये रेल राज्य मंत्री एवं संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रेल के माध्यम से क्षेत्र के विकास की प्रक्रिया निरन्तर चलती रहेगी ।  सदस्य विधान परिषद डॉ0 केदार नाथ सिंह ने अपने सम्बोधन में भारतीय रेल द्वारा किये जा रहे विकासपरक कार्यों की सराहना की। उन्होंनें कहा कि अनेक नई परियोजनाओं के फलस्वरूप पूर्वी उत्तर प्रदेश का निरन्तर विकास हो रहा है।

इसके पूर्व, महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे राजीव अग्रवाल ने अपने स्वागत सम्बोधन में स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनायें देते हुये कहा कि रेल राज्य मंत्री  मनोज सिन्हा की पहल पर मऊ-लखनऊ द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारम्भ आज उन्हीं के द्वारा किया जा रहा है। इस गाड़ी के चलने से मऊ एवं मार्ग में पड़ने वाले क्षेत्रों की जनता को प्रदेश की राजधानी लखनऊ आने-जाने में काफी सुविधा होगी। यात्रियों को उन्नत सुविधायें उपलब्ध कराने के क्रम में वाराणसी मण्डल के 60 स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा का लोकार्पण भी माननीय मंत्री जी द्वारा आज किया जायेगा। निःशुल्क इण्टरनेट की यह सुविधा यात्रियों के लिये बहुत ही लाभप्रद होगी। रेल मंत्रालय द्वारा स्टेशनों पर फ्री वाई-फाई की सुविधा भारतीय रेल के ही एक उपक्रम भारतीय रेलटेल निगम के सहयोग से उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर प्रमुख रुप से भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दुर्ग विजय राय, भाजपा महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ सीताराय, भाजपा नेता उत्पल राय, पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना दूबे, हौसला उपाध्याय, अरविन्द सिंह, सुनील गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता भरत लाल राही, रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य संतोष जायसवाल, श्रीराम जायसवाल, विजय राजभर आदि मौजूूूद रहेे।

समारोह का संचालन मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी संजय यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मण्डल रेल प्रबन्धक/वाराणसी एस.के.झा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *