आज़मगढ़ में हो रहे पत्रकार उत्पीड़न की आदर्श मीडिया मंच ने की निंदा, सौंपा ज्ञापन
घोसी/ मऊ। आदर्श मीडिया मंच की एक बैठक मंगलवार को घोसी नगर के मझवारा मोड़ स्थित कार्यालय पर ऋषि राय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें आज़मगढ़ में हो रहे पत्रकार उत्पीड़न के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द कुमार सिंह व अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं पर फ़र्ज़ी एफआईआर दर्ज करने की घोर निंदा की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए मीडिया मंच के संयोजक शन्नू आज़मी ने कहा कि आज़मगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार सिंह व सामाजिक संगठनो के प्रतिनिधियों ने आज़मगढ़ स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल की लूट के खिलाफ आवाज़ उठाई तो जिले के प्रशासन तन्त्र ने हॉस्पिटल के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही न कर डॉक्टरों की संस्था आईएमए की तहरीर पर आज़मगढ़ पुलिस प्रशासन ने अरविंद कुमार सिंह व सामाजिक संघठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ फ़र्ज़ी एफआईआर दर्ज कर मरीजो के शोषण व भयदोहन के खिलाफ उठने वाली आवाज़ का गला घोंटने का शर्मनाक कारनामा किया है जो लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कुठाराघात है। बैठक के उपरान्त मंच के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र तहसील मुख्यालय पहुँचकर उपजिलाधिकारी घोसी आशुतोष कुमार राय को सौंपा ।
ज्ञापन सौंपते समय शन्नू आज़मी, ऋषी कुमार राय, राजमणि शर्मा, डा. जयप्रकाश यादव, आफ़ताब अहमद, विमलकृष्ण राय, अज़हान आलम, राहुल राय, नूर मोहम्मद आदि मौजूद रहे।


