अपना जिला

15 फरवरी से 1 मार्च तक “विशेष परिवार नियोजन पखवाड़ा”

◆ परिवार नियोजन के लिए अंतरा इंजेक्शन भी एक लाभकारी प्रक्रिया है, पूरी जानकारी टोल फ्री नम्बर 1800-103-3044 पर ली जा सकती है
मऊ। स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर परिवार नियोजन के कार्यक्रम चलाती रहती हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 15 फरवरी 2019 से 1 मार्च 2019 तक “विशेष परिवार नियोजन पखवाड़ा” चलाया जायेगा। इस पखवाड़े के दौरान जन समुदाय के मध्य परिवार कल्याण कार्यक्रम को प्रोत्साहित किये जाने का कार्यक्रम रखा गया है, जिसके प्रसार-प्रचार हेतु समुदाय स्तरीय अन्य गतिविधियाँ भी की जायेगी।
इस पखवाड़े में जनपद के बीसीपीएम, आशा, एएनएम, आंगनवाडी और एलएचबी को प्रेरित कर गावं-गावं में दंपतियों से संपर्क कर परिवार नियोजन की योजना और उसके लाभ के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे। जनसंपर्क के दौरान इस दंपतियों का रजिस्ट्रेशन करते हुए लाभार्थियों को इच्छित परिवार नियोजन सेवाएँ विशेषकर पुरुष नसबंदी, महिला नसबंदी एवं अन्य परिवार नियोजन विधियों की सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
मिलेगी आर्थिक लाभ के रूप में प्रोत्साहन राशि
मिशन परिवार विकास के अंतर्गत आने वाले बलिया जिले में पुरुष नसबंदी के लिए लाभार्थी को रू० 2000 और महिला नसबंदी के लिए रू० 1400 की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। यह आर्थिक लाभ उनके खाते में सीधे विभाग के द्वारा ट्रान्सफर किया जायेग, जिसके लिए लाभार्थी को अपना आधार और पासबुक की छायाप्रति देना होगा। इसके अलावा महिला प्रसव के पश्चात कापर टी लगाने पर रू० 300 का लाभ दिया जाता है।
इस पखवाड़े की तैयारियां विभाग के द्वारा कर ली गयी है, जिसके लिए महिला नसबंदी शिविर मोहम्मदा एवं कोपागंज ब्लॉक में और जिला महिला चिकित्सालय में लगाये जायेंगे। इन सभी केन्द्रों पर सप्ताह में एक दिन और जिला महिला चिकित्सालय में प्रतिदिन महिला नसबंदी का कार्यक्रम चलाया जायेगा। इसके साथ ही 21 फरवरी को जिला पुरुष चिकित्सालय में पुरुष नसबंदी शिविर चलाया जायेगा। इसके साथ ही अभियान के दौरान सोमवार, गुरूवार और शनिवार को बडगांव छोड़ सभी ब्लॉकों एवं जिला महिला चिकित्सालय में अंतरा इंजेक्शन और छाया गर्भ निरोधक गोली की सुविधा निःशुल्क दी जाएगी।
जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ आनंद कुमार ने बताया कि परिवार नियोजन की समस्त सेवाएँ सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगी, साथ ही रजिस्ट्रेशन कराने वाले महिला व पुरुष के लिए 102 और 108 एम्बुलेंस उनके घर से ले जायेगी और पुन: उन्हें नसबंदी के पश्चात उनके घर पर पहुचायेंगी। उन्होंने बताया कि जिन लोगो को भी इस पखवाड़े के अंतर्गत नसबंदी कराना है, वह अपने क्षेत्र के आशा कार्यकर्ता व् एएनएम के माध्यम से प्री-रजिस्ट्रेशन स्वास्थ्य केन्द्रों पर कराना होगा जिसके बाद 102 और 108 एम्बुलेंस के दरवाजे तक जायेगी। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन के लिए अंतरा इंजेक्शन भी एक लाभकारी प्रक्रिया है जिसकी पूरी जानकारी टोल फ्री नम्बर 1800-103-3044 फोन कर ली जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *