पालिका में ‘‘सम्भव कार्यक्रम’’ के तहत जनसुनवाई
मऊ। पालिका में आयोजित जनसुनवाई में 8 शिकायतें प्राप्त
मऊनाथ भंजन। नगर क्षेत्र में विद्यमान समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु शासन की ओर से ‘‘सम्भव कार्यक्रम’’ के अन्तर्गत जनसुनवाई की व्यवस्था की गई है, जिसमें नगरवासियों को अविलम्ब राहत पहुँचाने हेतु प्रत्येक सोमवार को प्रदेश भर के नगर निकायों में जन सुनवाई का आयोजन किया जाता है।
इसी क्रम में सोमवार को नगर पालिका परिषद, मऊ में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार द्वारा आवेदकों की समस्याओं को सुनकर आवश्यक कार्यवाही की गयी। आज के जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुयीं जिनमें से 3 शिकायतों को जनसुनवाई पटल पर ही निस्तारित कर दिया गया जबकि अन्य 5 शिकायतों के फौरी निस्तारण के लिये सम्बन्धित विभागों को निर्देशित कर दिया गया है।
प्राप्त हुई शिकायतों में कूड़े का ढेर हटाना, मिट्टी, नाली, सड़क मरम्मत, रोड निर्माण, लाइट मरम्मत, नाली सफाई व मच्छर मार दवा के छिड़काव आदि शामिल हैं।
जनसुनवाई के उपरान्त सफाई के सम्बन्ध में लोगों को प्रेरित करते हुये नगरवासियों से अपनी अपील में अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि हमारे सफाई कर्मी दरवाजे-दरवाजे कूड़ा एकत्र करने हेतु आपके द्वार पहुँचते हैं। आप उनका सहयोग करें तथा एक बार कूड़ा उठा लिये जाने के बाद दोबारह कूड़े को इधर-उधर न फेंके ताकि पूरे दिन नगर क्षेत्र स्वच्छ एवं सुन्दर बना रहे। उन्होंने बताया कि जब आपके आस-पास सफाई रहेगी तो स्वस्थ्य जीवन की प्रत्याशा के साथ नगर का वातावरण भी स्वच्छ बना रहेगा।
जन सुनवाई में कर अधीक्षक-संतोष कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक-सत्य प्रकाश व नरेन्द्र कुमार, जे0ई0 जल-पंकज कुमार वर्मा, जलकल लिपिक-कमलेश कुमार पाण्डेय, जे0ई0 निर्माण मनोज कुमार एवं हसीन अहमद समेत सम्बन्धित विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

