नपा ने जन जागरूकता रैली निकाल, लोगों से प्लास्टिक थैलों का प्रयोग न करने का किया अपील
● सरकार ने 50 माइक्रोन तक मोटाई वाले प्लास्टिक बैगों के प्रयोग पर पाबन्दी लगायी है जिसका हम समर्थन करते हैं : पालकी
मऊ। उ0प्र0 सरकार द्वारा 15 जुलाई से पूरे प्रदेश में 50 माइक्रोन तक मोटाई वाले प्लास्टिक थैलों के उत्पादन, विक्रय, भण्डारण, लाने-लेजाने एवं उपयोग पर पाबन्दी लगाये जाने के उपरान्त आज नगर पालिका परिषद के चेयरमैन मुहम्मद तय्यब पालकी की अगुवायी में एक जन जागरण रैली निकाली गयी जो मिर्जाहादीपुरा चौक से सदर चौक पहुँचकर जनसभा में परिवर्तित हो गयी। इस रैली में समस्त सम्मानित सभासदगण, पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा, कर अधीक्षक गुफरानुल हई, व्यापार मण्डल के उमा शंकर ओमर, डा0 राम गोपाल, समस्त सफाई नायक एवं शहर के सम्भ्रांत लोगों के इलावा बड़ी संख्या में डी0ए0वी0 इण्टर कालेज के छात्र तथा नगरवासी शामिल हुये।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि सरकार ने 50 माइक्रोन तक मोटाई वाले प्लास्टिक बैगों के प्रयोग पर पाबन्दी लगायी है जिसका हम समर्थन करते हैं। श्री पालकी ने बताया कि प्रतिबन्ध के बाद 50 माइक्रोन तक मोटाई वाले प्लास्टिक का उपयोग अब नियमानुसार गैर कानूनी है। उन्होंने अवाम से अपील करते हुये कहा कि आप प्लास्टिक के उपयोग का बहिष्कार कीजिये क्यों कि इसके प्रयोग से हमारे स्वास्थ्य, वातावरण एवं जमीन की उर्वरक क्षमता को लगातार आघात पहुँच रहा है। इस लिये हम जनता से अपील करते हैं कि आप सामान लाने लेजाने में प्लास्टिक के थैलों का प्रयोग न कर अपने साथ कपड़े का थैला लेजायें। श्री पालकी ने अवाम को आश्वस्त करते हुये कहा कि आप हमें सहयोग दें हम आपका पूर्ण सहयोग करेंगे।
अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने अवाम से अपील करते हुये कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग हमारे स्वास्थ्य के लिये हानिकारक है। 50 माइक्रोन तक मोटाई वाली प्लास्टिक 200 वर्षाें तक नष्ट नहीें हो पाती है और किसी न किसी प्रकार यह लगातार हमें क्षति पहुँचाती रहती है तथा हमारे वातावरण एवं समाज पर अपना कुप्रभाव डालती रहती है। उन्होंने कहा कि इसे बे जुबान जानवर खा-खा कर मर रहे हैं। शहरीकरण ने जीवन को बेहतर बनाने में हमारी मदद की है जबकि हम प्लास्टिक के उपयोग से स्वयं अपने ही जीवन को बरबाद कर रहे हैं। प्रकृति में भी इसका कुप्रभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आज हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं और आगे इस पर रोक लगाने के लिये सरकार के निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन किया जायेगा।
डी0ए0वी0 इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य देव भाष्कर तिवारी, व्यापार मण्डल के उमाशंकर ओमर व डा0 राम गोपाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमें स्वयं जागरूक होने की जरूरत है। सरकार द्वारा जनहित में प्लास्टिक के प्रतिबन्ध पर हमें 50 माईक्रोन तक मोटाई वाले प्लास्टिक थैलों के प्रयोग को छोड़ना होगा। कहा कि आप देख लें कि शहर के नाली एवं नालों में प्लास्टिक के थैले पड़े हुये हैं जिससे पानी का बहाव बुरी तरह बाधित है। उन्होंने प्रेरणा देते हुये कहा कि हमें अपने दायित्वों को निभाना है ताकि नगर साफ हो और हमारा जीवन स्वस्थ्य रहे।
इनके इलावा अन्य वक्ताओं ने भी लोगों से प्रतिबन्धित प्लास्टिक के प्रयोग को पूरी तरह से छोड़ देने की अपील की। उन्होंने अवाम से अपील करते हुये कहा है कि आप अपनी जागरूकता का परिचय देते हुये उक्त मानक के विपरीत प्लास्टिक थैलों का प्रयोग न करें।
रैली में समस्त सम्मानित सभासदगण, सफाई निरीक्षक-नरेश कुमार, पालिका के अधिकारी, आदर्श त्रिपाठी, धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, चन्द्रिका प्रसाद, समस्त सफाई नायक व जलकल, प्रकाश तथा सफाई कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगर के सम्भ्रांत लोग शामिल रहे।

