मोख्तार अंसारी के निर्माणाधीन स्कूल में एडमिशन ओपेन के बोर्ड को लेकर सोशल मीडिया पर किरकिरी
● मो. मुजाहिद बोले 2019 में एडमिशन के प्रचार-प्रसार के लिए लगाया गया बोर्ड
● विधायक ने किया था वादा गरीब, मजलूम व बुनकरों के बच्चों के लिए खोलेंगे स्कूल
(आनन्द कुमार)
मऊ। बहुजन समाज पार्टी के नेता व सदर विधायक मोख्तार अंसारी एक बार पुन: सुर्खियों में हैं। इस बार यह सुर्खियां सदर विधायक के चुनावी वादों को लेकर है। मोख्तार अंसारी द्वारा विधानसभा चुनाव के समय मऊ की आवाम से किए गए वादे और उस पर अमल न करने को लेकर लोगों में काफी रोष है। लोग मोख्तार अंसारी के वादे को उन्हीं के लोगों द्वारा लगाये गये होर्डिंग पोस्टर को दिखाकर चुटकी लेते हुए याद दिला रहे हैं। विधायक मोख्तार अंसारी जेल से ही अपने विधानसभा क्षेत्र सहित जनपद में हर कार्यो व गतिविधियों पर नजर रखते हैं तो जाहिर सी बात है जिस बात पर इस समय शहर में चर्चा ए आम है उसकी भनक उन्हें जरुर होगी।
मोख्तार अंसारी वादों को पूरा होने की बात करते हैं। वहींं आम जनमानस में विधानसभा चुनाव 2012 में उनके द्वारा एक वादा मऊ के गरीब मजलूम बुनकरों के लिए कालेज बनवाने का किया गया था। जो कि पूरा न किया जा सका। 2017 के चुनाव में पुनः एक स्कूल खोलने की बात की गयी। इस ओर विधायक व उनकी टीम की ओर प्रयास भी हुआ और काम शुरू भी हुआ।
2017 में विधानसभा के चुनाव के पूर्व ही स्कूल निर्माण का काम शुरू किया। उनके पुत्र सहित चुनाव का कमान संभालने बालों ने नगर के सलाहाबाद में विधायक मोख्तार अंसारी के लोगों द्वारा युद्ध स्तर पर स्कूल निर्माण का कार्य शुरु हुआ। लोगों को लगा कि स्कूल बन जाएगा और गरीब मजलूम बुनकरों के बच्चों को लाभ मिलेगा। लेकिन जनता के सपने पर पानी फिर गया। विधायकी का चुनाव जीतने के कुछ समय बाद ही स्कूल निर्माण की गति धीरे हो गयी। यहां तक तो ठीक था की किन्हीं वजहों से लेट लतिफी हो रही है। लेकिन मोख्तार अंसारी अंसारी पब्लिक स्कूल को लेकर चर्चा मेंं उस समय आ गये जब स्कूल के प्रांगण में अंसारी पब्लिक स्कूल का फ्लैक्स बोर्ड लग गया कि एडमिशन ओपेन।
ऐसे में सदर विधायक द्वारा शहीद ब्रिगेडियर उस्मान मेमोरियल सोसाइटी मऊ के द्वारा बनवाया जा रहा अंसारी पब्लिक स्कूल सलाहाबाद में लगे स्कूल बोर्ड को लेकर सोशल मीडिया में तरह-तरह की चर्चा है। फ्लेक्स बोर्ड पर साफ-साफ लिखा है कि 2 जुलाई से अंसारी पब्लिक स्कूल में एडमिशन स्टार्ट है। प्रवेश एलकेजी यूकेजी में शुरू है। इसके अलावा स्कूल द्वारा मिल रही सुविधाओं के बारे में लिखा गया है। वैसे तो प्रवेश सिर्फ 2 जुलाई लिखा हुआ है उसके आगे-पीछे वर्ष का कहीं अता-पता नहीं है। लेकिन यह भी सच है कि जब तक किसी स्कूल की कोई तैयारी ना हो जाए, तब तक कोई एडमिशन ओपेन का बोर्ड नहीं लगाता है। या लगाता भी है तो सत्र का उल्लेख जरुर करता है। ऐसे में सबसे ज्यादा जो चर्चा का विषय है और सोशल मीडिया पर लगे फोटो पर जो चर्चा हो रही है वह यही है जी अभी तक भूखंड पर भवन ही नहीं बना है तो फिर विधायक जी स्कूल कैसे खोलेंगे, बच्चों को एडमिशन कैसे लेंगे, पढ़ाएंगे कैसे।
ऐसे में सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह के क्रिया और प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है।सोशल मीडिया के प्रतिक्रिया में फेसबुक हो या वाट्सअप के गलियारा सभी जगह सदर विधायक मोख्तार अंसारी उनके प्रतिनिधि पर लोग तरह-तरह के कमेण्ट कर विरोध प्रकट कर रहे हैं। ऐसे में सदर विधायक मोख्तार अंसारी व उनकी टीम कब तक अंसारी पब्लिक स्कूल खोलेगी यह तो वही जाने लेकिन जनता उनको खूब खरी खोटी सोशल मीडिया पर सुना रही है। ऐसे में विधायक जी अपने ही वादे पर अपनो के बीच घिरते नजर आ रहे हैं। वहीं विधायक मोख्तार अंसारी के समर्थक भी सोशल मीडिया पर यह कहने से नहीं चूक रहे हैं कि जब स्कूल का वादा हुआ है निर्माण जारी है तो एडमिशन भी थोड़ा लेट ही सही।
क्या बोले मो. मुजाहिद…
विधायक मोख्तार अंसारी के विकास कार्यो को बखूबी अंजाम देने बाले मो. मुजाहिद ने बताया कि बोर्ड सिर्फ स्कूल के प्रचार के लिए लगाया गया है। उन्होनें बताया कि स्कूल में एडमिशन का सत्र अप्रैल से शुरु होता है। तो जाहिर सी बात है कि एडमिशन 2019 में शुरु होगा। ऐसे में फ्लैक्स मात्र प्रचार हेतु ही लगा है कि ताकि लोग जान सके की स्कूल खुल रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल में पठन-पाठन के लिए बच्चों की आवश्यकता होती है, जब प्रचार पहले से नहीं होगा तो बच्चे कैसे आएंगे। जब उनसे इस बावत पूछा गया कि सोशल मीडिया पर आपके लगाए गये फ्लैक्स पर काफी किरकिरी हो रही तो दो टूक में कहा कि लोग स्कूल की चर्चा व प्रचार कर रहे हैं तो करने दिजीए इससे लोग स्कूल को जान जाएंगे।

