BSNL कर्मी को पता नहीं PNB खाते से 639500 रू गायब, बैंक कर्मियों पर लगाया आरोप

मोहम्मदाबाद गोहना/मऊ। टेलीफोन एक्सचेंज मोहम्मदाबाद गोहना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी के बैंक खाते से बैंक कर्मियों की मिलीभगत से ₹639500 धोखाधड़ी और फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक कर्मियों के पैसा निकाले जाने की जानकारी पर बैंक में हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में पीड़ित राम नयन ने मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में बैंक कर्मियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक राम नयन निवासी बोझी के खाते से पंजाब नेशनल बैंक मोहम्मदाबाद गोहना के बैंक कर्मियों की मिलीभगत से ₹639500 की धोखाधड़ी कर बैंक कर्मी द्वारा निकाल लिया गया है इस संबंध में राम नयन ने कोतवाली मोहम्मदाबाद गोहना में प्रार्थना पत्र देकर शाखा प्रबंधक,कैशियर समेत अन्य के खिलाफ धारा 406,419,420 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक राम नयन चौहान पुत्र स्व. छोटे लाल चौहान का खाता पंजाब नेशनल बैंक मऊ में था, जो कुछ समय पहले वहां से ट्रांसफर कराकर पंजाब नेशनल बैंक शाखा मोहम्दाबाद गोहना में कर लिया। प्रार्थी का ग्रेच्युटी से संबंधित कुल ₹639500 इस खाते में अप्रैल 2020 में ट्रांसफर हो करके आए। राम नयन जब पंजाब नेशनल बैंक मोहम्दाबाद गोहना जाकर अपने खाते को प्रिंट कराने के लिए पासबुक जब बैंक कर्मियों को दिए तो बैंक कर्मी द्वारा मशीन खराब होने का बहाना बनाकर उसके पास बुक को प्रिंट नहीं किया गया,तथा पासबुक रख लिया गया। जब वह खाते का स्टेटमेंट मांगा तो उसे पता चला कि उसके खाते से अलग-अलग तारीखों में बैंक कर्मियों द्वारा फर्जी हस्ताक्षर करके कुल ₹639500 निकाल लिया गया है। उसने कहा कि यह सभी फर्जी हस्ताक्षर बनाकर पैसे बाउचर फॉर्म से निकाले गए हैं। उसने बताया कि पहले जब पैसा निकाले जाते थे तो एसएमएस आता था, लेकिन जब से यह फर्जी हस्ताक्षर बनाकर बैंक कर्मी पैसा निकालने लगे तब से एसएमएस भी नहीं आया। प्रार्थी ने जब बैंक से शिकायत किया तो इस पर कोई तवज्जो नहीं दी गयी। अथवा टालमटोल किया जाता रहा। 2019 में स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति मोहम्मदाबाद गोहना टेलीफोन एक्सचेंज से लेने के पश्चात वह घर पर ही रहता था। उसने इस संबंध में कोतवाली मोहम्मदाबाद गोहना को प्रार्थना पत्र देकर ब्रांच मैनेजर,कैशियर एवं एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इस बाबत पूछे जाने पर पंजाब नेशनल बैंक मोहम्मदाबाद गोहना के शाखा प्रबंधक जयप्रकाश ने बताया कि मैंने पूरी रिपोर्ट कोतवाली मोहम्मदाबाद गोहना को भेज दिया है। हमारे बैंक कर्मियों द्वारा ऐसा कृत्य नहीं किया गया है।

