MLC एके शर्मा मऊ में गोद ली हुई PHC सुग्गीचौरी, मधुबन का किया निरीक्षण, जनता से मिले

मऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व आईएएस अधिकारी एवं वर्तमान विधान परिषद सदस्य ए के शर्मा पूर्वांचल भ्रमण के दौरान 21 अगस्त को मऊ जनपद में रहे। उन्होंने दोपहर से शाम तक मऊ जनपद में पाँच कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और अनेक व्यक्तियों-समूहों से चर्चा किया तथा स्थलों का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति से अवगत हुए।
सर्वप्रथम उन्होंने गोद ली हुई पीएचसी सुग्गीचौरी, मधुबन मे क्षेत्रीय जनता से मुलाकात की एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। आमजन को सम्बोधित करते हुए अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि मऊ जिले के इस सुदूर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बहुत विकास होना बाकी है और इसे किया जायेगा।
जनता एवं प्रशासन के सहयोग से इस स्वास्थ्य केन्द्र का कायापलट किया जायेगा। सुग्गीचौरी को मॉडल स्वास्थ्य केन्द्र बनाएंगे। क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देते हुए सरकारी कर्मचारियों से निवेदन करता हूँ कि आमजन की सेवा करना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
रास्ते में आते समय मैंने सड़क की दुर्दशा को देखा है और आप सभी को आश्वस्त करना चाहूँगा कि जल्द ही इस मार्ग को भी दुरुस्त कराया जायेगा। उस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आमजन को सूचित किया कि उक्त स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 28 लाख की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। इतना सुनते ही समस्त क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल बना रहा। इस दौरान प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद शकलदीप राजभर, पूर्व मंत्री उत्पल राय, अरुण राय, प्रवीण सिंह आदि उपस्थित रहे।


उसके बाद उन्होंने बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा बिन्दटोलिया ग्रामसभा, तहसील मधुबन की कटान प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना एवं पीड़ितों में राहत सामग्री का वितरण किया। तड़ियांव घोसी में नवनिर्मित 100 बेड के अस्पताल एवं नव स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया तथा अस्पताल को बेहतर उपकरण उपलब्ध कराए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मऊ के सीएमओ स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य कर रहे हैं, यहां उपस्थित समस्त क्षेत्र के मांनिद, स्वास्थ्यकर्मी बधाई के पात्र हैं जिनके बदौलत यह अस्पताल इतने कम समय में क्रियान्वयन में आ पाया। मैं धन्यवाद देता हूँ प्रीतम सिंह फाउंडेशन का जिन्होंने इस अस्पताल को ऑक्सीजन कंस्ट्रेटरर देने का कार्य किया। इस अस्पताल में आरटीपीसीआर का टेस्ट हो पाता है जो कि जनहित में बहुत उपयोगी है। अब मऊ जनपद में जो कुछ भी होगा वह नम्बर 1 का होगा।
शाम को मऊ जिला मुख्यालय पर अपने कैम्प कार्यालय का जनता के दुःख-दर्द को सुनने के लिए शुभारम्भ करते हुए कहा कि यहां आमजन की हर बात को सुना जाएगा एवं आवश्यकता के अनुरूप उनका निस्तारण किया जायेगा।
देर शाम जनपद के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जिले के विकास के परिपेक्ष में परिचर्चा किया एवं विकास की योजनाओं में हर सम्भव मदद करने के लिए आश्वस्त किया।








