व्यक्तित्व को संवारने के लिये शिक्षा के साथ शिष्टाचार भी जरूरी
◆ मऊ में तालीमी कारवां की आमद पर पालिका हाल में गोष्ठी आयोजित
मऊ। यूपी राबता कमेटी अलीगढ़ और सैय्यद हामिद फाउण्डेशन के तत्वावधान में आज पालिका मीटिंग हाल में ‘एक तालीमी मुज़ाकेरा’ शीर्षक से एक गोष्ठी आयोजित हुयी। इस गोष्ठी में मऊ नगर के बच्चों की शिक्षा के मार्ग को सरल बनाने के साथ ही शिक्षण संस्थानों में आधूनिक शिक्षा एवं इसके लिये आवश्यक संससाधन तथा अध्यापकों के आचार, विचार व उनके द्वारा अपने शिष्यों के साथ व्यवहार पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
डा0 शकील आजमी ने अपने विचार में कहा कि 1992 में सैय्यद हामिद की मऊ आमद के बाद से यहां शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी और हमारी शिक्षा का स्तर बेहतर हुआ है। नगर में अनेकों छोटी बड़ी सामाजिक संस्थाओं जैसे मऊ वेल्फेयर कमेटी, स्टूडेंटस फोरम, उर्दू पढ़ाओ तहरीक, स्कालर फाउण्डेशन, पालकी सोशल ग्रुप आदि द्वारा नगरवासियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने से लोगों में अपने बच्चे को शिक्षित बनाने में काफी मदद मिली है।
दशकों से शिक्षा क्षेत्र में अति विशिष्ट सेवायें दे रहे शिक्षाविद ओवैस जरफदार ने मुस्लिम तबके की शिक्षा के स्तर के सम्बन्ध में कहा कि मैं आश्वस्त था कि लग भग पिछले तीन दशकों में मऊ ने शिक्षा के क्षेत्र में अद्भुत उन्नति की है, पर जब मैंने राष्ट्रीय स्तर पर इसका जायजा लिया तो पता चला कि अभी भी हम बहुत पीछे हैं और हमें काफी लम्बा सफर तय करना है। अपने मन्तब्य को बल दने हेतु उन्होंने इस सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा करते हुये दलीलें भी दीं।
तालीमी कारवां के सदस्य, राबता फाउण्डेशन व पूर्व मोटीवेटर सईद अहमद ने कहा कि व्यक्ति के व्यक्तित्व को संवारने के लिये शिक्षा के साथ शिष्टाचार जरूरी है। दोनों में से किसी एक के अभाव में व्यक्ति मानवीय कद्रों का पालन नहीं कर सकता। शिक्षा इंसानों को जीने का ढंग सिखाती है लेकिन माहौल में भी बैलेंस होना चाहिये। हमें अपने हक की प्राप्ति में दूसरों के अधिकारों की हिफाजत करनी चाहिये। यह सब कुछ शिक्षा के साथ मानवीय आधारों के पालन मात्र एवं शिष्टाचार से सम्बद्ध है। उन्होंने अभिभावकरों से कहा कि आप अपने बच्चों को समय दें। उनसे प्यार करें और उनके मन को पढ़कर उसमें पल रहे ख्वाब को मूर्त रूप दें।
आजमगढ़ से आये हुये मौलाना ताहिर मदनी ने कहा कि हमारा पैगाम है कि शिक्षा ग्रहण कर अपने लिये, अपने देश के लिये और पूरी इन्सानियत के लिये काम करें। मदारिस में दीनी तालीम के साथ उच्च शिक्षा की व्यवस्था पर बल देते हुये कहा कि जमाने की आवश्यकताओं के अनुसार समाज में बदलाव होना चाहिये। दीनी शिक्षा के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त कर हमें मिसाल बन कर दूसरे लोगों को अपनी ओर आकृष्ट करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने आचरण, व्यवहार एवं विचार में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिये। हमारा लक्ष्य हर मैदान में आगे बढ़ कर अपनी और राष्ट्र की सेवा करना है। यह योग्यता हमें शिक्षा से ही प्राप्त हो सकती है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि शिक्षा प्राप्ति के मार्ग में हायल रूकावटों को दूर करने से ही हमारे बच्चों में शिक्षा का स्तर बढ़ सकता है और ब्रेक आउट में भी कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि यह सच है कि इस समय बच्चियों की शिक्षा का अनुपात बच्चों की सापेक्ष काफी अधिक है जो हमारे लिये गर्व की बात है पर बच्चों की शिक्षा में कमी हमारे लिये सोचने का विषय है। श्री जमाल ने बताया कि पिछले 5-6 वर्षाें से पूरे प्रदेश में मऊ की सबसे अधिक बच्चियां स्कालर शिप से लाभान्वित हो कर उच्च शिक्षा अर्जित कर रही हैं।
डा0 जय प्रकाश धूमकेतु ने कहा कि उन्नत राष्ट्रों में बच्चों की इच्छा के अनुरूप ही उनके माता पिता उनके भविष्य को संवारने का प्रबन्ध करते हैं। हमें भी अपने बच्चों की मनः स्थिति को जान और समझ कर उनके अन्दर पल रहे लक्ष्य को पाने का रास्ता हमवार करने की ओर सार्थक शिक्षा प्राप्ति के मार्ग को साफ करना होगा तभी वे अपने क्षेत्र में दक्ष एवं निपुण होंगे।
तालीमी कारवां का नेतृत्व कर रहे मौलाना अबरार अहमद इस्लाही ने कहा कि पाठयक्रम 3 बिन्दुओं पर आधारित होता है। इसमें पहला बिन्दु पढ़ने वाले, दूसरा पढ़ाने वाले और तीसरा संसाधन की उपलधता है। वह लोग जो शिक्षण संस्थानों का प्रबन्ध देखते हैं वही शिक्षण संस्थानों के स्तम्भ होते हैं। उन्हें इस बात पर विशेष ध्यान देना होगा कि उनके नेतृत्व में शिक्षा का स्तर प्रोफेशनल कोर्सेज से ऊपर उठकर बच्चों के व्यक्तित्व को संवारने और मानवीय आचरण तथा प्राप्त शिक्षा के वास्तविक उद्देश्यों को उनके व्यक्तित्व में उतारने में मददगार हो।
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने कहा कि यहां 75 प्रतिशत मजदूर तबका है जो अपने बच्चों को मजदूर बनाने के लिये ही सोचता है। जब तक इनका विकास नहीं होगा समाज का भी विकास नहीं हो सकता। इनकी सोच को बदलने की आवश्यकता है। इन्हें रोजगारपरक शिक्षा देने की आवश्यकता पर बल देते हुये उन्होंने कहा कि जब यह शिक्षित हो कर रोजगार से जुटेंगे तो इनका आर्थिक स्तर बढ़ेगा। उन्होंने शैक्षिक संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि जो व्यक्ति जिस पद पर आसीन है वह वहां अपने कर्तव्यों का ठीक से पालन करे। सरकार द्वारा दी जाने वाली स्कीमों से भी लाभ प्राप्त कर हमें अपने बच्चों को आगे बढ़ाते रहना है। बच्चों की मंशा के अनुरूप उनके लिये हर प्रकार के कम्पेटीशन के रास्तों को प्रशस्त करना है। श्री पालकी ने सभी का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने तालीमी कारवां का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि आप द्वारा अच्छा कदम उठाया जा रहा है। हम सभी हर प्रकार से आपके साथ हैं।
इस अवसर पर जावेद चन्दन, ओजैर गिरहस्त, अब्दुस्सुबहान अलीग, इशरत कमाल एडवोकेट, सरफराज अहमद, अमीर हमजा आजमी, नसीम अख्तर मेम्बर, मुनव्वर अब्दुलगफूर मेम्बर, अल्तमश मेम्बर, डा0 शहनवाज अहमद आदि के इलावा सम्भ्रांत लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने की तथा संचालन डा0 इम्तेयाज नदीमत ने किया।



