श्री रामलीला समिति नसोपुर की रामलीला 25 से
मऊ। प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित संस्कृति उत्सव – 2025 में लोकनाट्य विधा के रामलीला श्रेणी में उत्तर प्रदेश की प्रथम पुरस्कार विजेता श्री रामलीला समिति नसोपुर की रामलीला दिनांक 25/09/2025 से शुरू होगी। उक्त आशय की सूचना देते हुए रामलीला समिति के मीडिया प्रभारी चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि रामलीला श्रेणी में प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने के बाद इस वर्ष समिति के कलाकारों समेत पूरे ग्रामवासी पूरे जोश के साथ रामलीला में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। बारह दिनों तक चलने वाली रामलीला 25 सितंबर से शुरू होकर 06 अक्टूबर को राम राज्याभिषेक के बाद समाप्त होगी। रामलीला के विशेष मंचन के क्रम में दिनांक 29 सितंबर को सीता स्वयंवर, 03 अक्टूबर को लंका दहन एवं 04 अक्टूबर को दशानन वध की विशेष लीला मंचन प्रस्तावित है। इन विशेष दिनों में जिले के विभिन्न संगठनों के लोगों को आमंत्रित करने की तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है। समिति के अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह अपने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठक कर रामलीला के सफल मंचन के लिए जुटे हुए हैं।


