मऊ में बदमाशों ने युवक को मारी गोली, घायल
मऊ। कोतवाली थाना क्षेत्र के भीटी मलिन बस्ती गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब पांच मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी, जिससे गोली लगते ही युवक जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। युवक को तड़पता देख परिजनों ने आनन-फानन में उसे शारदा नारायण अस्पताल में भर्ती कराया,जहाँ उसका इलाज चल रहा है। वहीं गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच में जुट गई।
गौरतलब है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के भीटी मलिन बस्ती गांव निवासी अभिमन्यु 22 वर्ष पुत्र स्वर्गीय हरिश्चंद्र गुरुवार को देर शाम अपने घर के बाहर टहल रहा था, जिसे पुरानी रंजिश को लेकर मोटरसाइकिल सवार बदमाश वहां पहुंच गये और घर के बाहर टहल रहे युवक पर कई गोलियां दाग दी, जिसमें युवक को तीन गोलियां लगी। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर कर तड़पने लगा, खून से लथपथ अवस्था देख परिजनों ने आनन-फानन में इलाज हेतु मऊ के शारदा नारायण हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्रा और सदर कोतवाल अनिल चंद तिवारी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर घायल का हालचाल लिया और बदमाशों की तलाश में जुट गई।
