महिलाओं के गायब होने के पीछे का राज क्या है? इसके पीछे कोई गिरोह तो नहीं?
@ देव कान्त पाण्डेय…
० सावधान रहें, सतर्क रहें.
मऊ। पिछले कुछ महीनों से मऊ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाओं के घर से अचानक गायब होने के कुछ मामले देखे जा रहे हैं. अभी 2 दिन पहले 13 जून, 2023 को थाना मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के देवकली देवलास गाँव की एक 70 वर्षीय महिला (नाम: सुनरी देवी, पत्नी श्री बाढ़ू राजभर) घर से अचानक गायब हो गईं और अगले दिन बहुत बुरी हालत में आजमगढ़ के जिला हॉस्पीटल में पाई गईं. प्राप्त जानकारी के अनुसार इस 70 वर्षीय महिला को किसी प्रकार के लाभ दिलाने का लालच (पेंशन या आवास योजना का लाभ, पैसे आदि देने-दिलाने या कुछ और लोभ-लालच भी हो सकता है) देकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने इनको इनके घर के आसपास से अपने मोटर साइकिल पर बैठाया और बाद में कहीं ले जा कर इनको कुछ नशीला पदार्थ खिला पिलाकर इनके शरीर के गहने निकाल लिए और फिर आजमगढ़ में किसी सुनसान जगह पर इनको फेंककर भाग गया. गायब होने से पूर्व एक अनजान व्यक्ति को इनके पास बैठकर इनसे बातचीत करते हुए देखा गया था।
थोड़ा होश आने पर पीड़ित महिला ने बताया कि उस अनजान व्यक्ति ने महिला को उसकी पेंशन की राशि को बढ़वाने का लालच देकर उस सम्बन्ध में कागज़ पत्र दुरुस्त करवाने की बात कहकर अपने साथ मोटर साईकिल पर बिठाकर मुहम्मदाबाद गोहना ले जाने की बात कही. लेकिन वो उसे लेकर मुहम्मदाबाद से आगे आजमगढ़ रोड पर छठियाव से आगे बढ़ा. महिला द्वारा पूछे जाने पर कोई बहाना बनाकर उसे और आगे ले गया तथा किसी जगह पर मोटरसाइकिल रोककर महिला को कोल्ड ड्रिंक पिलाया और पुनः महिला को मोटर साईकिल पर बिठाया. उसके बाद क्या हुआ महिला को कुछ याद नहीं आ रहा. पीड़ित महिला अभी भी पूरी तरह से होश में नहीं है और उसकी तबीयत अभी भी ख़राब है.
ऐसा प्रतीत होता है कि मऊ और आस पास के जिलों में कोई ऐसा व्यक्ति या गिरोह सक्रिय है जो इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है. मार्च,2023 महीने में मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ही भदीड़ गाँव की एक 50 वर्षीय महिला (नाम : इंद्राशनी मौर्या पत्नी श्री राम प्यारे मौर्य) भी रहस्यमय परिस्थितियों में अचानक घर से गायब हुई है जिसकी एफ आई आर मोहम्मदाबाद गोहना थाने में दर्ज है. वह महिला अभी तक मिल नहीं पाई है. कहीं ऐसा तो नहीं कि सुनरी देवी और इन्द्राशनी देवी के साथ इस तरह की घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति एक ही हो या कोई एक ही गिरोह इन दोनों घटनाओं के पीछे हो और ये रैकेट कहीं मानव अंगों की तस्करी से जुड़ा हुआ तो नहीं है ?
ये स्थिति काफी चिंताजनक है. सभी लोगों को, विशेषकर अशिक्षित गरीब महिलाओं को, सतर्क और होशियार रहने की जरूरत है.उपर्युक्त दोनों मामलों में महिलाएं अशिक्षित हैं. जिनको इस प्रकार गिरोह आसानी से बहला फुसला सकता है.
कृपया सतर्क रहें और अपने घर-गाँव की महिलाओं को सतर्क करें कि वे किसी लालच में ना आएं और यदि उन्हें इस तरह के लालच देता हुआ कोई व्यक्ति उनके आस पास आए तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी लोगों को या पुलिस को दें ।🙏🙏🙏
धन्यवाद।



