रेल मदद पर सूचना मिलते ही मऊ स्टेशन पर रेलवे की मानवीय पहल, डेढ़ वर्षीय बच्चे के लिए तत्काल उपलब्ध कराया गया दूध
लखनऊ से कटिहार की यात्रा कर रहे दंपति तौसीफ रजा के डेढ़ वर्षीय बच्चे को ट्रेन में दूध की आवश्यकता पड़ने पर रेल मदद के माध्यम से सहायता मांगी गई। यह घटना गाड़ी संख्या 15716 के M3 कोच, बर्थ संख्या 47 व 48 की है।
रेल मदद कंट्रोल से सूचना प्राप्त होते ही मऊ रेलवे स्टेशन पर तैनात कामर्शियल विभाग की टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाई। मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारियों ने बिना किसी देरी के बच्चे के लिए दूध की व्यवस्था कराई और उसे ट्रेन में सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराया।
रेल प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से न केवल संबंधित परिवार को राहत मिली, बल्कि ट्रेन में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों में भी रेलवे के प्रति विश्वास और संतोष की भावना मजबूत हुई। यात्रियों ने रेलवे की इस मानवीय सेवा की सराहना करते हुए इसे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेल मदद के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लिया जाता है और यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि यात्रियों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील सेवा तंत्र भी है।

