अपना जिला

घोसी में धूमधाम से मनाई गई सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती, कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजे नेता

मऊ/घोसी। श्रीमती सीताबी देवी इंटर कॉलेज सरायसादी घोसी में आम जनता पार्टी सोशलिस्ट के तत्वावधान में अखंड भारत के अंतिम हिंदू हृदय सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती धूमधाम एवं गाजे-बाजे के साथ मनाई गई। कार्यक्रम को सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह के साथ-साथ पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में भी आयोजित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आम जनता पार्टी सोशलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय मुकेश सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान केवल एक योद्धा नहीं बल्कि स्वाभिमान और सत्ता सम्मान के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि समाज को अपने खोए हुए हक, अधिकार, सम्मान और भागीदारी को पुनः प्राप्त करने के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हिटलर विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान शासन व्यवस्था में दलित, वंचित और पिछड़े वर्ग की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी लगातार कम की जा रही है। उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई को अंतिम सांस तक जारी रखने का संकल्प दोहराया।

प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान ने कहा कि कुछ स्वार्थी नेताओं ने समाज को गुमराह कर अपने निजी हित साधे, लेकिन अब चौहान समाज और अति पिछड़ा वर्ग जाग चुका है। उन्होंने दावा किया कि घोसी विधानसभा से राजनीतिक बदलाव की शुरुआत होगी और 2026 के उपचुनाव में पार्टी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।

जिला अध्यक्ष लाल बहादुर चौहान ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर हरिश्चंद्र चौहान ने की जबकि संचालन राजेश चौहान ने किया।

इस अवसर पर राजेंद्र चौहान, धर्मराज चौहान, ओमकार चौहान, कंचन चौहान, योगेंद्र चौहान, उषा गोड, दीपक राजभर, साहब चौहान, चंद्रिका चौहान, जयप्रकाश चौहान, रामअवध चौहान, जय सिंह चौहान, हरिहर चौहान सहित अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *