बात सेहत की

मऊ में 18 साल से ऊपर वालों का शुरू हुआ कोविड टीकाकरण

◆ 12 केन्द्रों पर 18 से 44 वर्ष के 1030 लोगों का किया गया टीकाकरण

◆ 32 टीमों ने गांव – गांव जाकर 45 साल से अधिक वाले 975 लोगों का किया टीकाकरण

मऊ।जिले में युवाओं को कोविड-19 टीकाकरण का इंतजार मंगलवार को खत्म हो गया । 18 से 44 साल के युवा वर्ग का वैक्सीनेशन शुरू होने के साथ ही उनके चेहरे पर खुशी नजर आई । कोविड-19 वैक्सीनेशन कराने के बाद कोविड प्रोटोकॉल के साथ आत्म विश्वास से लबरेज दिख रहे थे। जिन लोगों ने अभी तक अपना वैक्सीनेशन नहीं कराया उन लोगों को जल्द से जल्द वैक्सीनेशन करवाने की अपील भी करते नजर आए। मंगलवार को जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत 44 जगहों पर कोविड-19 का टीकाकरण हुआ। जनपद में एक जून को 2005 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसमें से 18 से 44 वर्ष के 1030 लोगों का टीकाकरण किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया – जनपद को 18 प्लस के वैक्सीनेशन के साथ ही 45 प्लस के लोगों के टीकाकरण के लिए शासन से करीब 6000 वैक्सीन मिली है। जिसके लिए जिलाधिकारी द्वारा मंगलवार से अधिक से अधिक टीकाकरण कराने का निर्देश दिया गया है। जिसको लेकर आज युद्ध स्तर पर जिले में टीकाकरण कराया गया और 18 प्लस वाले सत्र स्थलों पर पहले के अन्य टीकाकरण की अपेक्षा बेहतर प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जनपद में 18 प्लस के लोगों ने अपने टीकाकरण के लिए उत्साह दिखाते हुए 05 जून तक का स्लॉट पहले ही बुक कर चुके हैं। आज सभी टीकाकरण केंद्रों पर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। दोहरीघाट केंद्र पर सबसे ज्यादा युवाओं ने उत्साह दिखाया, यहाँ 354 लोगों का टीकाकरण हुआ।

जिला प्रतिरक्षण आधिकारी डॉ बीके यादव ने बताया कि जनपद में 45 प्लस के लोगों के वैक्सीनशन के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर 32 टीमें बनाई गई हैं और प्रत्येक टीम को 150 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। वही 12 सत्र स्थल 18 प्लस के लोगों के लिए बनाया गया प्रत्येक पर 150 का लक्ष्य था। 45 प्लस में पहला डोज 818 तथा दूसरा 157 लोगों का टीकाकरण किया गया।

उन्होंने ने बताया कि जनपद के मीडिया कर्मियों का जिला पंचायत मऊ के सभागार में टीकाकरण किया गया। जहां पर पत्रकार के लिए 50 का लक्ष्य दिया गया था, जो सफलतापूर्वक पूरा किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *