डीएम ने कोविड-19 से बचाव हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा कर दिये आवश्यक निर्देश
० एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC)का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
मऊ। जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में स्थापित एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण करने के साथ ही कोविड-19 से बचाव हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों की संख्या एवं उनके द्वारा प्रतिदिन की लिखित रिपोर्ट के बारे में भी जानकारी ली। कोविड़ एकीकृत कॉविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में लगे टेलीफोन नंबर एवं मोबाइल नंबर की सक्रियता के बारे में जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने वहां पर ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों को समस्त काल विवरण लिखित रूप में प्रतिदिन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेंटर की सारी कार्रवाईयों का भी प्रतिदिन लिखित आंकड़ा रखने को कहा। कोविड-19 से बचाव हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं मुख्यालय पर स्थित हॉस्पिटलों में ऑक्सीजन युक्त बेड, जनपद में क्रियाशील ऑक्सीजन प्लांट, सैंपल कलेक्शन सेंटर, L1 एवं L2 हॉस्पिटलों के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए अगले दो दिनों में सारी तैयारियां पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कोविड़ से बचाव हेतु किए जा रहे तैयारियों का प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा प्रत्येक तहसील में कम से कम एक L1 हॉस्पिटल की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

