विश्व प्रवासी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संघ तमसा के किनारे से शराब की दुकान हटाने के लिए देगी ज्ञापन
मऊ। विश्व प्रवासी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संघ – मऊ की एक आवश्यक बैठक महिला जिलाध्यक्षा श्रीमती दुर्गावती मिश्रा के निज आवास पर आयोजित की गई, जिसमें घर-घर गंगा, घर-घर गीता और घर-घर तुलसी के कार्यक्रम को स्थानीय स्तर पर किस प्रकार किया जाएगा, उस पर विस्तार से चर्चा हुई। इस विषय पर सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। पहली बार आए हुए कुछ नए सदस्यों को संघ के बारे में राष्ट्रीय महामंत्री बृज किशोर पाण्डेय ने विस्तार से अपने संबोधन में बताया। मऊ में प्रवाहित होने वाली पौराणिक नदी तमसा के किनारे सरकारी शराब के ठेके की दुकान है, जिससे नदी में गंदगी का अंबार लग जाता है, पौराणिक नदी प्रदुषित हो रही है। उस दुकान को वहां से हटाने के लिए ज्ञापन देने के बारे में महिला जिलाध्यक्षा श्रीमती दुर्गावती मिश्रा ने इस विषय को प्रभावी ढंग से उठाया तथा सभी के द्वारा यह सहमति बनी कि इन दोनों कार्यों को यथाशीघ्र संपन्न कराया जाएगा। काशी प्रांत प्रमुख बालमुकुंद सिंह, महिला प्रमुख श्रीमती नेहा कपूर, उपाध्यक्षा श्रीमती मधु राय, महामंत्री राजेश सिंह ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा अंत में मऊ जिलाध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने सब का आभार प्रकट करते हुए सभा के समापन की घोषणा की। संघ की परंपरानुसार सभा का समापन कल्याण मंत्र से हुआ।

