भरत भैया के समर्थन में मधुबन में उमड़ा जन सैलाब, भाजपा टिकट पर करें विचार, नहीं तो निर्दल होंगे उम्मीदवार

• लोकतंत्र में राजा का बेटा ही राजा नहीं बनेगा : भरत भैया
@ पवन कुमार पाण्डेय…
मधुबन। भाजपा के वरिष्ठ नेता भरत भैया ने शुक्रवार को मधुबन के पांती मैदान में पार्टी द्वारा रामविलास चौहान को टिकट देने के विरोध में आयोजित एक सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने यदि अपना फैसला नहीं बदला तो वे अपने समर्थकों एवं मधुबन विधान सभा की जनता के हक हकुब की रक्षा के लिए निर्दल चुनाव लड़ने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व को निर्णय के लिए मधुबन विधान सभा की जनता 17 फरवरी तक का समय निर्धारित कर रखी है। भारतीय जनता पार्टी से टिकट कटने के बाद भाजपा नेता भरत भैया ने अपने समर्थकों के जन सैलाब में कहा कि जब 2009 में भाजपा में गिने चुने लोग हुआ करते थे उस दौर से बुथ से लेकर जनता की समस्याओं एवं मधुबन के विकास के मुद्दे को उठाने के साथ ही भाजपा को बुथ स्तर तक मजबूत करने के लिए मैने धन बल से लेकर जनता जन जन तक प्रयासरत रहा। जब 2017 में मेरा टिकट कटा तो 2022 के चुनाव का प्रलोभन दिया गया तब में पार्टी के दिशा निर्देशों को माना लेकिन पुनः एक बार ऐसे व्यक्ति को भाजपा ने मधुबन विधान सभा से टिकट दिया है जिसे यहां की जनता जानती एवं पहचानती तक नहीं, कहा कि लोकतंत्र में अब राजा का बेटा ही राजा नहीं बनेगा। भरत भैया के समर्थन में मण्डल अध्यक्ष आलोक मल्ल, संजय सिंह, मनोज गुप्ता, अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष सुदामा निराला, पिछड़ा वर्ग के जिला मंत्री बबलू ठठेरा, डा.आरएन सिंह आदि ने हजारों लोगों के उमड़े जन सैलाब को संबोधित करतें हुए जन समर्थन एकत्र किया। इस अवसर पर मधुबन विधान सभा के बुथ एवं मण्डल स्तर के कौशल चौहान, राधेश्याम सिंह, राजेश यादव सहित हजारों समर्थक मौजूद रहे ।


