चुपके-चुपके UPSC का फार्म भरा, मम्मी-पापा को दिया 586वीं रैंक के साथ सरप्राइज़
@आनन्द कुमार…
मऊ के डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ के पूर्व मंत्री वरिष्ठ एडवोकेट सुरेन्द्र नाथ सिंह की बेटी कविता किरन ने UPSC परीक्षा पास करके मऊ सहित परिवार जन का नाम रौशन किया है। कविता किरन को यूपीएससी में 586 रैंक मिला है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कविता किरन ने इस बार यूपीएससी का फार्म तो भरा लेकिन घर वालों को भनक नहीं लगने दी। मंगलवार को जब यूपीएससी का रिज़ल्ट आया और उसमें अपनी सफलता देखी तो सबसे पहले अपने मम्मी-पापा को फ़ोन करके यह ख़ुशख़बरी सुनाई की मैंने 586 वीं रैंक के साथ यूपीएससी का एग्ज़ाम पास कर लिया है। फिर क्या था जिस आँगन में बेटी द्वारा ऐसी सरप्राइज़ हो वहाँ ख़ुशियों में झूमना तो स्वाभाविक है। घर आँगन क्या कविता किरन की दोस्त, परिजन, रिश्तेदार, माँ, पिता, भाई बहनों सभी के दोस्त और अपनों के चेहरे चहक उठे।

कविता किरन की प्रारंभिक शिक्षा हाईस्कूल मऊ के फ़ातिमा स्कूल, इंटरमीडिएट डीपीएस बसंतपुर दिल्ली, स्नातक मिरांडा हाऊस दिल्ली, स्नातकोत्तर दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स साइंस से किया है । आपका एडमिशन बाम्बे में टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस में हुआ था लेकिन जेएनयू में रिसर्च के लिए जेआरएफ और नेट क्वालिफ़ाइड करने के बाद वर्तमान में रिसर्च कर रही थी।
आपकी माता हाउस वाइफ श्रीमती सरोज देवी हैं। आपकी बड़ी बहन किसलय किरन एमबीए करके हाऊस वाइफ़ हैं व सीनियर बैंक मैनेजर उपेंद्र कुमार से विवाहित हैं। आपका छोटा भाई प्रशांत किरन दिल्ली विश्वविद्यालय से लॉ करके सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रहे हैं। कविता किरन ने 2022 में यूपीएससी में साक्षात्कार दिया लेकिन सफलता नहीं मिली थी, लेकिन वे हार नहीं मानी थी और इस बार फार्म तो भरा लेकिन चुपके चुपके, घर वालों को भनक तक नहीं लगने दिया और उन्होंने तय किया था कि सफलता मिलने के बाद सीधे सरप्राइज़ दूंगी और वही किया मंगल का दिन मंगल बना और परिवार को खुशियों की बात सुनाई।
अपना आदर्श वे अपनी माता पिता को मानती हैं। और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल युवाओं के लिए कहा कि अपना लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट रखिए, इरादा मजबूत हो, हमेशा सकारात्मक सोच वालों के आस पास रहिए।
कविता किरण के सफलता पर लोगों ने उन्हें और इनको परिजनों को बधाई दिया है। उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर पीएल गुप्ता, बार के पूर्व महामंत्री हरिद्वार राय, रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, कल्याण सिंह, डा. अभिषेक गुप्ता, एडवोकेट UP सिंह, डीजीसी अजय कुमार सिंह, एडवोकेट अश्वनी सिंह, अरविन्द पांडेय, डा. ओपी सिंह आदि ने बधाई दिया है ।




