खास-मेहमान

UP की जाह्नवी बनी भारतीय सेना में एडवोकेट जज जनरल

@ आनन्द कुमार…

कहते हैं न कि हौसले और फ़ासले के बीच ऐसा तालमेल होना चाहिए कि ज़िंदगी सिर्फ़ तरक़्क़ी की राह पर चले। इन्हीं हौसलों की बदौलत कुछ ऐसा कर दिखाने की कोशिश करो कि तुम्हारी मेहनत पर न सिर्फ़ तुम्हें, बल्कि तुम्हारे परिवार, शहर, दोस्तों और शुभचिंतकों को भी गर्व हो। जब नाम ही जाह्नवी हो, तो फिर पूरे जहान में चर्चे होना तो तय है।

जी हाँ, मैं बात कर रहा हूँ संतकबीर नगर जनपद के खलीलाबाद की रहने वाली बेटी जाह्नवी गुप्ता की, जिसने अपनी मेहनत और जुनून से वो मुक़ाम हासिल किया है जिसकी जितनी तारीफ़ की जाए, कम है।

खलीलाबाद नगर के वार्ड नंबर 12, पुरानी तहसील निवासी और हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज में प्रवक्ता रहे स्व. ज्ञान प्रकाश शाह तथा ग्लोरियस पेटल्स स्कूल खलीलाबाद की प्रबंधक श्रीमती मीरा गुप्ता की बेटी जाह्नवी गुप्ता का चयन भारतीय सेना में एडवोकेट जज जनरल (JAG) के रूप में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरा शहर गौरव महसूस कर रहा है।

एक साल पहले ही जाह्नवी का चयन गृह मंत्रालय में मुख्य विकास कानूनी अधिकारी (Chief Development Legal Officer) के पद पर हुआ था, और वे इस पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। उन्होंने भारतीय सेना की जज एडवोकेट जनरल परीक्षा भी दी थी, जिसका परिणाम 20 जून को आया। इस परीक्षा में सफलता पाकर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली।

जाह्नवी ने बताया कि पहले समाज में बेटियों को कम आँका जाता था। ऐसा माना जाता था कि बेटियाँ कुछ नहीं कर सकतीं। लेकिन पिता की प्रेरणा और माँ के हौसले ने हर बार उन्हें नई ताकत दी। उनके पिता का सपना था कि उनकी बेटी जज बने। पिता के असमय निधन के बाद माँ ने माँ और पिता दोनों की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें आगे बढ़ने में हरसंभव सहयोग दिया।

जाह्नवी कहती हैं कि —
“मेरे पापा मेरे आदर्श थे। उनकी दी हुई प्रेरणा और माँ के आशीर्वाद की वजह से ही मैं आज इस मुक़ाम तक पहुँच पाई हूँ।”

जाह्नवी की इस सफलता पर परिवार, रिश्तेदार, शुभचिंतक, शहर और पूरे जनपद के लोग बहुत खुश हैं। सबने मिठाइयाँ बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी।

उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र और विधायक पंकज सिंह, संतकबीर नगर के जिला जज महेंद्र प्रसाद चौधरी, जिलाधिकारी आलोक कुमार, और नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने भी उन्हें बधाई दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *