विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को दिया गया सामान व प्रमाणपत्र

मऊ। उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत कुल 275 लाभार्थियों को नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय द्वारा विभिन्न श्रेणी के लाभार्थियों को सिलाई मशीन, नाई किट, लोहार टूल किट, टोकरी बुनाई किट, हलवाई किट व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसमें 25 दर्जी किट, 50 लोहार टूल किट, 50 नाई किट, 100 बढ़ई टूल किट, 25 टोकरी बुनाई किट, 25 हलवाई किट प्रदान किया गया। अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि सरकार की इस योजना से निश्चित रूप से लघु उद्योग बढ़ेंगे और रोजगार सृजन होगा। सैकड़ों लोग जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में अपना रोजगार शुरू कर सकेंगे। इससे गांव से लेकर शहर तक पैसे का आदान-प्रदान होगा जो देश की जीडीपी बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की सोच है कि हर हाथ को रोजगार प्रदान किया जाय ताकि लोग सरकारी नौकरियों के पीछे न भागे और अपने घर में ही रोजगार प्रदाता बनें। और लोगों को रोजगार के लिए किसी दूसरे प्रदेशों के उपर निर्भर न रहना पड़े। इसमें उपायुक्त जिला उद्योग सगीर अहमद, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष सुशील अग्रवाल, शिवजी राय, नरेंद्र राय आदि शामिल थे।

