भारतीय बीज विज्ञान संस्थान में वृहद पौधारोपण, पर्यावरण बचाने का संकल्प
मऊ। पर्यावरण को संरक्षित करने और ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते खतरे को कम करने के उद्देश्य से भा.कृ.अनु.प. भारतीय बीज विज्ञान संस्थान, मऊ द्वारा एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक, डॉ संजय कुमार ने 23 जुलाई 2024 को संस्थान परिसर में इस अभियान का नेतृत्व किया, जिसमें आम, बेल, आंवला, पीपल, जामुन सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के सभी वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण के प्रति अपनी उत्तरदायित्व को निभाने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण के दौरान, निदेशक महोदय ने खरीफ फसल धान (किस्म एम टी यू 7039) का भी प्रक्षेत्र में रोपण किया।
डॉ संजय कुमार ने कहा, “हमारे जीवन में पेड़ों का महत्वपूर्ण स्थान है। पेड़ लगाना हमारे परिवार, पर्यावरण और समुदाय के स्वास्थ्य में एक अमूल्य निवेश है। पेड़ न केवल प्रदूषण को कम करते हैं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण में भी सहायक होते हैं।” उन्होंने सभीको अपने घर पर कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। “जितने अधिक पेड़ हम लगाएंगे, यह हमारे पर्यावरण और पूरे समाज के लिए उतना ही हितकारी होगा,” इस सन्देश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय बीज विज्ञान संस्थान ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। संस्थान का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित हो सकेगा।
इस अभियान ने न केवल संस्थान के भीतर बल्कि मऊ और उसके आस-पास के समुदायों में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा की। यह कार्यक्रम एक उदाहरण है कि कैसे हम सभी मिलकर पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं और अपने ग्रह को हरा-भरा बना सकते हैं।





