मुंह पर मास्क नहीं और मोबाइल में आरोग्य सेतु एप्स नहीं तो 5 सौ रुपया जुर्माना : डीएम
मऊ। जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जिले में कोई भी व्यक्ति बिना मास्क लगाए या गमछा लगाएं घूमते हुए पाया गया तो उसके ऊपर ₹500 का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति फालतू घूमेगा तो उसके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्री त्रिपाठी ने कहा हर व्यक्ति के मोबाइल में आरोग्स सेतु एप्लिकेशन होना जरुरी है, जिसके मोबाइल आरोग्य सेतु नहीं होगा उसके ऊपर भी ₹500 जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल जो ट्रेन मऊ आ रही है और उसमें जितने भी प्रवासी आ रहे हैं अगर उनको लेने के लिए कोई भी परिजन या व्यक्ति जाता है तो उसका चालान काट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी परिजन अपने प्रवासी परिवार को लेने रेलवे स्टेशन ना आए जिला प्रशासन उस व्यक्ति को गंतव्य तक पहुंचाएगा। अगर कोई व्यक्ति प्राथमिक जांच में संदिग्ध नजर आता है तो उसे फौरन क्वारंटाइन कर दिया जाएगा और उसकी सूचना उसके परिवार को दे दी जाएगी। हर आ रहे व्यक्ति को अपने घर में 28 दिन तक कोरंटाइन होने की व्यवस्था करनी होगी। अगर उसका घर छोटा है और उसके पास रहने की व्यवस्था नहीं है तो वह प्रशासन को सूचना दें प्रशासन उसको आश्रय स्थल में रहने और खाने की पूरी व्यवस्था करेगी। उन्होंने बताया कि 8 मई से जनपद की चारों तहसील एवं कलेक्ट्रेट का कोर्ट खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल 1270 लोग मऊ ट्रेन से आ रहे हैं यह जिला प्रशासन के लिए बहुत बड़ा चैलेंज है, इसमें आम नागरिक को सहयोग करना चाहिए। जिलाधिकारी ने बताया कि बुधवार की सुबह बलिया से 258 लोग ट्रेन से मऊ रेलवे स्टेशन पर उतरे, जिसमें एक व्यक्ति जांच में संदिग्ध पाया गया, उसको आइसोलेशन में रखकर उसका जांच सैम्पल लेकर भेज गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को सुबह 10.50 पर साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन से कुल 12 सौ लोग आ रहे हैं, जिनमें 294 लोग मऊ के लोग अन्य शेष गैर प्रांत के हैं। उन सभी का जांच करने के बाद उनका नाम पता नोट किया जायेगा और बसों के माध्यम से उन उनके गंतव्य तक छोड़ा जायेगा। कहा कि कोई भी परिजन रेलवे स्टेशन पर आ रहे मजदूरों को लेने नहीं जाएगा, जो व्यक्ति जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। यह प्रशासन की जिम्मेदारी है उनके घर पहुचाने की।
इनसेट…
जिलाधिकारी ने बुधवार प्रेसवार्ता कर बताया कि कोपागंज में मिले कोरोना संक्रमित मरीज की लगातार दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह राहत की खबर है। उन्होंने बताया कि कल से जनपद में सड़को पर निकलने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गमछा व मास्क एवं मोबाइल में आरोग्य सेतु एप्प रखना जरुरी है, जिन व्यक्ति के पास यह तीनों चीजों नहीं पायी गई तो उनके उपर पांच सौं रुपये का जुर्माना लगेगा।

