विधानसभा चुनाव 2022

मऊ में मतगणना स्थल का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, एक-एक बिन्दुओं का दिया ध्यान

मतगणना की तैयारी हुई पूर्ण मतगणना 10 मार्च को

मऊ। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के अंतर्गत प्रदेश में मतदान प्रक्रिया 07 चरणों में संपन्न हो चुकी है। प्रदेश में 10 मार्च को एक साथ मतगणना कार्य प्रारंभ होगा। मऊ के जिला मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने बताया कि जनपद में मतगणना का कार्य 10 मार्च 2022 को प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ की जाएगी एवं मतगणना समाप्ति तक जारी रहेगी। मतगणना कार्य हेतु प्रत्येक विधानसभा में 14-14 काउंटर बनाए गए हैं। जिसमें कुल 224 मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
जिलाधिकारी अरूण कुमार ने पुलिस अधीक्षक सुशील चन्द्रभान घुले के साथ नगर के भुजौटी स्थित नवीन कृषि मंडी में बने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। विधानसभा वार बनाए गए मतगणना हालों के निरीक्षण के दौरान मतगणना कर्मियों के बैठने एवं मतगणना कर्मियों के अलावा पोलिंग एजेंटों के अंदर एवं बाहर आने-जाने के रास्तो का भी जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया, साथ ही मतगणना स्थल पर बैरिकेटिंग एवं उन पर लगाई गई जालियों की व्यवस्था का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। मतगणना स्थल पर मीडिया कवरेज हेतु चयनित स्थान एवं प्रकाश की व्यवस्था का भी जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मतगणना स्थल पर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, इसको लेकर जिलाधिकारी संतुष्ट दिखे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक के अलावा मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी भानु प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, समस्त रिटर्निंग ऑफिसर्स एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *