घोसी विधानसभा के 239 मतदान केंद्रों पर 4 लाख 30 हज़ार 394 मतदाता चुनेंगे अपना विधायक
० विधानसभा क्षेत्र घोसी के उप निर्वाचन के संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने की प्रेस वार्ता
मऊ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन वृहस्पतिवार को किया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधान सभा क्षेत्र 354, घोसी के उप निर्वाचन के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इसके अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना का दिनांक 10 अगस्त 2023, नाम निर्देशन हेतु अंतिम दिनांक 17 अगस्त 2023, नाम निर्देशनो की जांच हेतु दिनांक 18 अगस्त 2023, नाम वापसी हेतु अंतिम दिनांक 21 अगस्त 2023, मतदान का दिनांक 05 सितंबर 2023, मतगणना का दिनांक 8 सितंबर निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर 2023 तक निर्वाचन से संबंधित समस्त कार्य संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 354 घोसी में कुल 239 मतदान केंद्र एवं 455 मतदेय स्थल बनाए गए है। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 430394 मतदाता है। जिसमें से 231545 पुरुष एवं 198840 महिलाएं तथा 9 अन्य लोग हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 8 अगस्त 2023 को विधानसभा क्षेत्र 354 घोसी के उप निर्वाचन की घोषणा करते ही जनपद में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। जनपद में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन हेतु 03 उड़न दस्ता टीम, 03 स्टैटिक निगरानी टीम, 03 वीडियो निगरानी टीम, 02 वीडियो अवलोकन टीम एवं 01 टीम, 01 मीडिया प्रमाणन अनुवेक्षण समिति तथा 01सहायक व्यय प्रेक्षक टीम का गठन किया गया है। इस दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोगों की शिकायत एवं सुझाव को दर्ज करने हेतु जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है। जिसका नंबर 0547-2990901, 0547-2221565 है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति कॉल करके निर्वाचन से संबंधित अपनी समस्या एवं सुझाव को दर्ज करा सकते है।

