मिसाल-ए-मऊ

PM के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 3.0 के शुभारम्भ को DM के साथ सजीव देखें मऊ के उद्यमी

मऊ के तीन उद्यमियों को जिलाधिकारी ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को लखनऊ के गोमतीनगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 3.0 का शुभारम्भ किया गया, जिसका सजीव प्रसारण मऊ जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में भी किया गया। सजीव प्रसारण को जिलाधिकारी अरुण कुमार ने जनपद के कई उद्यमियों के साथ देखा। इन्वेस्टर्स समिट की तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 3.0 में कुल 80224 करोड़ के निवेश,1406 नई परियोजनाओं में होंगे। इन परियोजनाओं में कृषि, आई0टी0 और इलेक्ट्रॉनिक्स, एम0एस0एम0ई0, विनिर्माण, ऊर्जा, फार्मा, पर्यटन, रक्षा, एयरोस्पेस, हथकरघा तथा कपड़ा आदि जैसे सेक्टर शामिल हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी की युवा शक्ति में नए सपनों को पूरा करने की सामर्थ्‍य है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ रही अर्थव्‍यवस्‍थाओं में से है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद कानून-व्‍यवस्‍था बेहतर हुई है। यहां व्यापार कानूनों में सुधार हुआ है, इससे व्यापारियों के बीच यूपी को लेकर भरोसा पैदा हुआ है। यहां व्यापार और निवेश के लिए अलग माहौल बना है। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में 80 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश से संबंधित समझौते यहां हुए हैं। यह रिकॉर्ड निवेश उत्‍तर प्रदेश में रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा करेगा। यह भारत के साथ ही यूपी की ग्रोथ स्टोरी को बढ़ते दिखाता है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने बताया कि पिछले 5 वर्षों में प्रदेश में 5 लाख सरकारी नौकरियों के अलावा अन्य क्षेत्रों में 5 लाख प्रत्यक्ष एवं 20 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।उन्होंने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद में प्रत्यक्ष रूप से 6 लाख लोगों को रोजगार मिला है,साथ ही पिछले 1 वर्ष के अंदर एक जनपद एक उत्पाद का निर्यात 88 हजार से बढ़कर 1लाख 56 हजार हो गया है एवं बेरोजगारी की दर में भी भारी गिरावट आई है। ईज आफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश भारत में 12 स्थानों की छलांग लगाकर वर्तमान में नंबर दो पर पहुंच गया है।इस अवसर पर रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के अलावा कई उद्यमियों ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।
कार्यक्रम के समापन पर मऊ जनपद में तीन करोड़ से कम निवेश करने वाले 3 उद्यमियों, क्रमशः हरिशंकर मौर्य (बेकरी इंडस्ट्री) पूनम देवी (इम्ब्रॉइडरी) एवं अरविंद राय को ऑक्सीजन प्लांट में निवेश करने के कारण जिलाधिकारी ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री राम सिंह वर्मा,उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, सहायक आयुक्त सगीर अहमद सहित जनपद के कई उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *