घोसी! मतगणना की तैयारियो को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डीएम ने की बैठक
मऊ। विधानसभा क्षेत्र घोसी में उप निर्वाचन के दृष्टिगत कल होने वाले मतगणना की तैयारियो के संबंध में जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में मतगणना कार्य से जुड़े समस्त वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न हुई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने पर समस्त अधिकारियों को बधाई देते हुए मतगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों से उनकी अब तक की गई तैयारियो के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मतगणना कार्य के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल, अस्त्र-शस्त्र आदि को मतगणना हाल में ना ले जाने के कड़े निर्देश दिए।इसके अलावा मतगणना कार्य में लगे कार्मिकों के तृतीय रैंड माइजेशन कार्य, टेबलों का निर्धारण,मतगणना चक्र,आदि के संबंध में भी जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने पूरी मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सकुशल संपन्न कराने को के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी उपस्थित रहे।

