देवलास पर सूर्य मंदिर से निकली कलश यात्रा
देवलास। देवलास के सूर्य मंदिर पर प्रारंभ हो रहे विष्णु महायज्ञ से पहले आज गायत्री परिवार के लोगों के नेतृत्व में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें हाथी-घोड़ों के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया । स्थानीय बालिकाएं सर पर कलश उठाये आगे-आगे और उनके साथ बैंड बाजा बजाते हुए श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ जिसमें बूढ़े, बच्चे, जवान सभी शामिल थे, चल रहे थे । यह कलश यात्रा सूर्य मंदिर से प्रारम्भ होकर इटौरा-चौबेपुर, आरीपुर होते हुए पुनः सूर्य मंदिर पर आकर समाप्त हुई ।
सूर्य मंदिर पर पहुंचने के बाद आयोजन समिति के सदस्यों अजय जयसवाल एवं संतोष सिंह द्वारा बालिकाओं के पैर धोये गए, फूल-अक्षत से उनका स्वागत किया गया और भोजन कराया गया। आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य विजय शंकर पाण्डेय एवं रामजन्म सिंह ने जानकारी दी कि सूर्य मंदिर पर दिनांक 12/10/2019 से प्रारंभ हो रहा विष्णु महायज्ञ 21/10/2019 तक चलेगा । 20 तारीख को पूर्णाहुति और 21तारीख को भंडारे के साथ यज्ञ का समापन होगा ।
इस अवधि में प्रयागराज से पधारे स्वामी मुरारी जी, अयोध्या से पधारे स्वामी दिवेश जी महाराज एवं अम्बेडकर नगर से पधारे स्वामी रामदास जी महाराज का प्रवचन होगा । इस आयोजन में विजय शंकर पाण्डेय, रामजन्म सिंह, अजय जायसवाल, सूर्यनाथ सिंह, राम दरश तिवारी, वैदेही यादव, अभिषेक यादव, संतोष सिंह, निखिल मिश्रा आदि ने योगदान दिया ।

