मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कोरोना की रही चर्चा
■ 41 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों 7,453 की हुई सेहत की मुफ्त जांच
मऊ। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का शुभारम्भ रानीपुर ब्लाक के चिरैयाकोट प्रा.स्वा.केंद्र पर जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एससी सिंह ने किया। मेले में विशेष रूप से कोरोना वायरस से बचाव और सतर्क रहने के बारे में जानकारी दी गई। वहीं संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के बारे में भी बताया गया। जनपद में सातवें मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन 39 ग्रामीण प्रा.स्वा.केन्दों एवं 4 नगरीय प्रा.स्वा.केन्द्रों पर किया गया। आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 7453 मरीजो को देखा गया जिसमें 2305 पुरूष, 4036 महिलाओं, 1112 बच्चे एवं 312 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, जाँच की गयी एवं निःशुल्क दवाए वितरित की गईं। इन मेलों में 252 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि संचार के माध्यम से फैलने वाले कोरोना वायरस से घबराने की आवश्यकता नहीं है। खान-पान तथा रहन-सहन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर अनावश्यक जाने से बचें। जो लोग इन वायरस से ग्रसित व्यक्तियों के संपर्क में आ रहें हैं, केवल वे ही इसके के चपेट में आ रहे हैं। इस खतरनाक बीमारी के चपेट में अब तक ज्यादातर वहीं लोग हुए हैं, जिन लोगों ने इससे बचने के लिए न्यूनतम सावधानी भी नहीं बरती है। इससे बचने के लिए खुद की जागरूकता सबसे कारगर उपाय है। जागरूकता के लिए गाने, पम्पलेट, प्रचार-प्रसार के माध्यम से कोरोना के रोकथाम की जानकारी दी जा रही है। लोगों को उसपर अमल करने की जरूरत हैं। यदि हम सभी लोग पूरी दृढ़ता के साथ इसके बाबत सावधानियां बरतने लगे तो, निश्चित रूप से कोरोना वायरस से कोई भी व्यक्ति बड़ी ही आसानी से बचा जा सकेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि किसी भी अन्य देश से आये हुए लोगों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को तत्काल उपलब्ध करायें जिससे उनकी जॉच एवं आवश्यक कार्यवाही की जा सके। हमें इससे घबराने की जरूरत नहीं हैं। क्योंकि इसका संक्रमण भारत में अभी दूसरे चरण में हैं। इसका मतलब यह हैं कि इस वायरस से संक्रमित मरीज केवल बाहरी देश अथवा दूसरे देश में गए हुए भारतीय ही हैं। देश में कोरोना का संचार ज्यादा न हो इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार का स्वास्थ्य ढांचा सजग है और इसपर पैनी निगाह भी रखे हुए हैं।

