घोसी उपचुनाव में भाजपा का विजय रथ नहीं रोक पाएंगी राष्ट्र विरोधी शक्तियां : नन्दी
o भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान की जीत है निश्चित
o जंगल राज के मिथक को तोड़ आज सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है उत्तर प्रदेश
oऔद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सोमवार और मंगलवार को घोसी क्षेत्र में किया व्यापक जनसंपर्क*
मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि राष्ट्र विरोधी एवं जन विरोधी विपक्षी पार्टियां चाहें जितनी ताकत लगा लें, घोसी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान की जीत निश्चित है। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र सेवा और जन सेवा को समर्पित पार्टी है। जबकि विपक्षी पार्टियां केवल वोट की राजनीति करती हैं। भाजपा संगठन की ताकत से विपक्षी पार्टियां घबरा गई हैं।
घोसी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के समर्थन में चुनाव प्रचार एवं व्यापक जनसंपर्क के लिए दो दिवसीय प्रवास पर मऊ पहुंचे मंत्री नन्दी ने यह बातें कही।
नदवा सराय, बोझी बाजार, अमिला बाजार, कोपागंज, मोहम्मदाबाद, मझवारा, अदरी नगर पंचायत क्षेत्र, इंदारा बाजार आदि क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यापारियों एवं वैश्य समाज के लोगों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों पर चर्चा की।
मंत्री नन्दी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को पिछली सरकारों ने जंगलराज बना रक्खा था। आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लोहा पूरा देश मान रहा है। यूपी की कानून व्यवस्था का मॉडल अन्य राज्यों में अपनाया जा रहा है। पिछली सरकारों में जहां उद्यमी और निवेशक उत्तर प्रदेश छोड़कर जा रहे थे, वहीं भाजपा सरकार में ऐतिहासिक निवेश हो रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से ही नहीं बल्कि विदेशी निवेशक भी आज उत्तर प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि घोड़ी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान की जीत निश्चित है।




