भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में मऊ के शाहिद, फिरोज व अबुल फैज को जगह
मऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडेय की संस्तुति पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय समितियों का गठन कर सूची जारी कर दी है। जिसमें क्षेत्रीय समितियों में अलग-अलग जनपदों के भारी संख्या में भाजपा के अल्पसंख्यक नेताओं को जगह मिली है। वहीं भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा क्षेत्रीय समिति में मऊ जनपद के तीन युवाओं का नाम सुर्ख़ियों में है। जिसमें मऊ नगर के राजपूताना उत्तर टोला निवासी तथा लखनऊ में रह रहे शाहिद मुख्तार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अवध प्रांत का उपाध्यक्ष बनाया गया है। शाहिद मुख्तार वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से मऊ जनपद से ही जुड़े हैं और लखनऊ प्रवास के दौरान वे वहीं पर भाजपा से जुड़ पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।
अबुल फैज का फाइल फोटो जिसे प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीटर पर लगाया था
वहीं गोरखपुर क्षेत्र से मऊ जनपद निवासी फिरोज तलवार को उपाध्यक्ष व करहा निवासी अबुल फैज खान को मंत्री पद का दायित्व सौंपा गया है। बता दें कि अबुल फैज भाजपा के बहुत ही ऊर्जावान कार्यकर्ता हैं वे हर बड़े कार्यक्रम में जाते हैं प्रधानमंत्री मोदी के आजमगढ़ व संतकबीरनगर नगर में हुयी रैली में अबुल फैज के गर्मजोशी से मोदी के जयकारे की तस्वीर प्रधानमंत्री के कैमरा मैन ने क्लिक की थी और उस तस्वीर को प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीटर पर लगाया था जिसके बाद अबुल फैज और सुर्खियों में आ गये। अवध और गोरखपुर क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा में मऊ जनपद के 3 युवाओं को जगह मिलने पर भारतीय जनता पार्टी सहित इन नेताओं के शुभचिंतक, परिचित व परिजन काफी गदगद हैं। लोगों ने बधाई देते हुए कहा कि निश्चित ही इनके अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत होगी।


