अपना जिलाखास-मेहमान

आज मैं जहाँ भी हूँ, आप सभी के प्यार व सम्मान की बदौलत ही हूं : फागू चौहान

मऊ। बिहार के राज्यपाल महामहिम फागू चौहान का शुक्रवार को नगर के पालिका कम्युनिटी हाल में लोक कल्याण सेवा न्यास के तत्वावधान में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा नागरिक अभिनन्दन किया गया।  कार्यक्रम का शुभारम्भ महामहिम द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित करने के उपरान्त राष्ट्रगान से हुआ।
महामहिम ने नागरिक अभिनन्दन के पश्चात अपने उद्बोधन में कहा कि, आज मैं जहाँ भी हूँ यह आप सभी के सम्मान और प्यार की बदौलत ही है। आज मैं भले ही संवैधानिक पद पर हूँ लेकिन आप सभी के सहयोग हेतु सदैव तत्पर रहूंगा। लोकतांत्रिक प्रणाली के अंतर्गत जो भी सहयोग हो सकेगा मैं आप सब को सहयोग करता रहूंगा। मैंने कभी भाई भतीजावाद नही किया सदा ही लोकतंत्र की मर्यादा का पालन करते हुए राजनैतिक सुचिता के अंतर्गत चुनाव लड़ा और आप सभी का सदा मेरे ऊपर प्यार और स्नेह बना रहा।
विधायक श्रीराम सोनकर ने कहा कि, हम सब गौरवान्वित है साथ ही हमे विश्वास है कि राज्यपाल महोदय अपने कार्यशैली से बिहार को लाभान्वित करेंगे।     
लोक कल्याण सेवा न्यास मार्गदर्शक मण्डल के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र पुष्पगुच्छ तथा स्वामी विवेकानंद की काँसे की प्रतिमा सप्रेम भेंट कर उनका अभिनन्दन किया, साथ ही अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि, मा0 फागू चौहान जी अपने क्षेत्र के निवासियों के बीच सदा से ही बेदाग और लोकप्रिय नेता रहें है। महामहिम फागू जी ने एक साधारण परिवार में जन्म लेकर भी विधायक, कैबिनेट मंत्री से चलकर राज्यपाल तक का असाधारण सफर किया है, राज्यपाल महोदय का व्यक्तिगत जीवन से हम सब को सिख लेनी चाहिए।
डी0सी0एस0के0पी0जी0 कालेज के प्राचार्य तथा विशिष्ठ अतिथि डॉ0 ए0 के0 मिश्र ने कहा कि, हमे गर्व है की बिहार के महामहिम हमारे जनपद से आते हैं साथ ही आशा  करते है कि आप बिहार की उच्च शिक्षा के लिए अपना अमूल्य योगदान देंगे व मऊ जनपद को भी आपका लाभ सदैव मिलता रहेगा।
 महामहिम का अभिनंदन जनपद के विभिन्न सामाजिक संगठनों आशा किरण सेवा समिति, भारत विकास परिषद, पं0 रामाज्ञा दुबे स्मारक रचना परिषद, मारवाड़ी युवा चेतना मंच, आर्ट ऑफ लिविंग, स्वदेशी जागरण मंच, दिव्य प्रेम सेवा मिशन, चौहान चेतना मंच, मऊ स्वर्णकार संघ, व्यापार मंडल, प्रधान संघ, माध्यमिक शिक्षक संघ, राम कुमार गिरिजा देवी मेमोरियल ट्रस्ट आदि द्वारा भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन लोक कल्याण सेवा न्यास के अध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अमरेश पाण्डेय, जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय, हौसला प्रसाद उपाध्याय, मुन्ना दुबे, प्रभुनाथ चौहान, रामविलास चौहान, राधेश्याम मौर्य, डा0 एच एन सिंह, बजरंगी सिंह बज्जू, गनेश सिंह, डॉ0 सीता राय, संजय पाण्डेय, मनोज राय, दीनबंधु राय, प्रवीण गुप्ता, योगेश राय, संगीता द्विवेदी, संतोष वर्मा, मीना अग्रवाल, नुपर अग्रवाल, कृष्ण कान्त राय सहित हजारों सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *