बिल्थरारोड से अपहृत छात्र को आरपीएफ मंडुआडीह ने परिजनों को सौंपा
■ पिता ने उभांव पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच करने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
बिल्थरारोड/बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के महुआतर निवासी एक छात्र के अपहरण करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। गनीमत यह रही कि
छात्र नाटकीय तरीके से उक्त अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर आरपीएफ पोस्ट मड़ूआडीह रेलवे स्टेशन पहुंचा जहां पुलिस ने उक्त बरामद छात्र को मंडूआडीह पहुंचे परिजनों के हवाले कर दिया। अपहृत छात्र के पिता ने इस सम्बंध में उभांव पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच करने व दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रदेश में बच्चों के अपहरणकर्ताओं के गैंग के सक्रिय होने के अफवाहों के बीच एक छात्र के अपहरण करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस सम्बन्ध में उभांव थाना क्षेत्र के महुआतर निवासी श्याम बहादुर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनका पुत्र संगम यादव (20 वर्ष) 26 अगस्त दिन सोमवार को नगर के कृषिमंडी स्थित अम्बेश्री टेक्नॉलाजी केन्द्र पर छात्रवृत्ति का फार्म भरने गया हुआ था। आरोप है कि दोपहर 1 बजे के लभग जब वह मंत्री जी गली से वापस रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा था तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे कोई नशीला पद्वार्थ सूंघाकर उसका अपहरण कर लिया। रात में होश आने पर संगम ने अपने आप को एक कार में पड़ा पाया। इस दौरान उसने कार का फाटक खोलकर वहां से भागने की कोशिश की तो उसमें बैठे लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया तथा मारपीट कर पुनः कार में बैठा लिया। तहरीर के अनुसार संगम दूसरे दिन सुबह 9 बजे एक बार फिर मौका पाकर कार से निकल भागा तथा भागते-
भागते रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचा तथा कई किमी चलने के बाद वह मंडूवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंच गया जहां स्थित आरपीएफ पोस्ट में जा छुपा। आरपीएफ द्वारा संगम से पूछताछ कर उसके परिजनों को इसकी सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही उसके परिजन मंडूवाडीह रवाना हो गये तथा वहां पहुंचने पर आरपीएफ ने अपहृत छात्र को उनके हवाले कर दिया।

