मिसाल-ए-मऊ

मऊ के ज्ञान ने फेसबुक के सहारे लापता बच्चे को परिजनों से मिलाया

० बहराइच से मऊ आकर परिजन बच्चे को ले गए

@आनन्द कुमार…

मऊ। सोशल मीडिया का प्रयोग अगर सही से किया जाए तो यह हर मनुष्य के जीवन में एक ऐसी मज़बूत कड़ी साबित होगी जिसका कोई जवाब नहीं है। अगर आप इसका प्रयोग सकारात्मक कर रहे हैं तो यह आपके जीवन में निखार ला सकता है । वहीं नकारात्मक प्रयोग करने वालों की समाज में कोई इज़्ज़त नहीं होती, उल्टे जेल होती है ।
मऊनाथ भंजन नगर के निवासी ज्योतिष एवं वास्तु सलाहकार ज्ञान प्रकाश सिंह ने भी सोशल मीडिया की सार्थकता को सिद्ध करते हुए मानसिक रूप से एक कमजोर बच्चे को जो बहराइच से ग़ायब था, को माँ बाप से मिलाया। ज्ञान प्रकाश के इस नेक कार्य पर बच्चे के परिजन के साथ साथ साथ स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है ।
जानकारी के अनुसार ज्ञान प्रकाश सिंह प्रतिदिन की दिनचर्या के अनुसार मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे थे, तभी गोला बाजार में मानसिक रूप से थोड़े से कमजोर आलोक मिश्रा नाम के लड़के से मिले जो अपने विभिन्न क्रियाकलापों से लोगों को हंसा रहा था, तभी अचानक उस लड़के ने रामायण के कुछ अंश आल्हा की तर्ज पर सुनाए, जिससे कोई भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता, तब अचानक उनको यह एहसास हुआ यह कोई सामान्य बच्चा नहीं है, निश्चित रूप से किसी धार्मिक क्रियाकलाप में रहने वाले परिवार या समूह से जुड़ा हुआ है। उसके बाद उन्होंने उस बच्चे का एक सामान्य इंटरव्यू लिया जिसमें उसके नाम, पिता के नाम तथा पते आदि के बारे में पूछा और उसके बाद फेसबुक पेज पर इस जानकारी को प्रसारित कर दिया 2 से 3 घंटे बाद ही यह सूचना बहराइच में उस बच्चे के घर तक पहुंची गयी। उसके बाद बहराइच के पंडितपुरवा चैसार, पोस्ट गंगवाल, थाना पयागपुर निवासी उसके पिता प्रहलाद मिश्रा परिवार के लोगों ने ज्ञान प्रकाश सिंह से संपर्क साधा तथा बच्चे के बारे में अपडेट मांगी ।इसके बाद मऊ में कुछ लोग इस बच्चे को लेकर एक्टिव हुए तथा पता चला यह बच्चा रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है इस बीच शाम को इस बच्चे के परिवार वाले ग्राम प्रधान द्वारा उपलब्ध कराई गई गाड़ी से मऊ पहुँचे और रात में ही लगभग 3:30 बजे के आसपास आलोक से उसके परिवार वालों की मुलाकात मऊ रेलवे स्टेशन पर हो गई। उनके परिवार वालों ने रात में ही ज्ञान प्रकाश सिंह से संपर्क करना चाहा, लेकिन देर रात होने के कारण उनका फोन नहीं उठ पाया उसके बाद सुबह 5:00 बजे सभी परिजन और रिश्तेदार ज्ञान प्रकाश के घर उनका धन्यवाद देने पहुंचे तथा इस बच्चे के मिलने में शामिल सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता तथा आभार प्रकट करते हुए अपने गंतव्य को रवाना हुए । ज्ञान प्रकाश ने इस सारे घटनाक्रम में सहयोग करने के लिए गोला बाजार निवासी आशीष गुप्ता उर्फ रघु बाबू तथा अन्य प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद और आभार प्रकट किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *