बाबा रामदेव के खिलाफ फेडरेशन आफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन 01 जून को करेगा देशव्यापी विरोध प्रदर्शन
एलोपैथ चिकित्सा पद्धति के प्रति योग गुरु बाबा रामदेव की टिप्पणी पर उनके खेद प्रकट करने के बाद भी उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। बाबा रामदेव के टिप्पणियों से नाराज होकर फेडरेशन आफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने शनिवार को कहा कि वे देशव्यापी विरोध प्रदर्शन 1 जून को करेंगे तथा इसे काला दिवस के रूप में मनाएंगे। संगठन के लोगों ने कहा कि बाबा रामदेव को सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगना चाहिए।
बताते चलें कि बाबा रामदेव ने कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज में इस्तेमाल की जा रही कुछ दवाओं के प्रति सवाल उठाए थे। जिस पर विवाद बढ़ गया था। उन्होंने कहा था कि एलोपैथी दवाओं के सेवन से लाखों लोगों की जान जा चुकी है। जिस पर देश भर कड़ा विरोध हुआ था। बाबा रामदेव के इस बयान पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने उसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बयान वापस लेने को कहा था, जिस पर बाबा ने खेद प्रकट किया था। लेकिन इसके बावजूद भी आयुर्वेद और एलोपैथ को लेकर सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल पड़ा है ऐसे में फेडरेशन आफ रेजिडेंट एसोसिएशन ने 01 जून को काला दिवस मनाने के रूप में राष्ट्र व्यापी हड़ताल व विरोध प्रदर्शन करने का घोषणा कर इस मामले में और धार दे दिया है।

