खास-मेहमानचर्चा में

खेत की पगडंडियों से होकर भैयालाल के घर पहुंचेंगे अमित शाह, खाएंगे चना और गुड़

ग़ाज़ीपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अमित शाह मंगलवार को गाजीपुर जनपद के खानपुर क्षेत्र के गौरहट आने वाले हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासन की तैयारियां जोरों पर चल रही है। अमित शाह गोमती नदी को नौका से पार कर पैदल ही गौरहट गांव की दलित बस्ती में भैयालाल राम के घर एक विकास दीप जलाकर सौभाग्य उत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगे। भैयालाल के घर कच्चे रास्ते और खेत की पगडंडियों से होकर अमित शाह पहुचेंगे। तैयारियों के मुताबिक भैयालाल के घर घास और सरपत की बनी रंगीन डलिया में चना और चावल का दाना भी खाएंगे और गुड़ खाकर पानी पियेंगे। कार्यक्रम के अनुसार प्राथमिक विद्यालय गौरहट पर लगे चौपाल में चारपाई पर बैठकर गांववालों से वार्ता करेंगे और उनके समस्याओं को सुनेंगे। अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर नदी के किनारे से कार्यक्रम स्थल तक और पूरे गांव में बिजली की आकर्षक सजावट की गयी हैं। दूसरी ओर प्रशासन के आला अधिकारी भी मौका मुआयना करते हुए तैयारियों का जायजा लेते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *