अकाल तख्त: काल को ललकरता धर्म-सिंहासन
ललित निबंध…
✍️डॉ. विनय कुमार वर्मा
जब सूर्य तपता है, धरती फटती है, और आस्था की जड़ें हिलने लगती हैं – तभी कहीं एक बीज चुपचाप अंकुरित होता है, जो समय के गर्जन में एक वृक्ष बन खड़ा होता है। इतिहास गवाह है कि जब भारत की सनातन चेतना पर विदेशी तलवारें, कट्टरता और छल की छाया पड़ी, तब इस भूमि ने केवल विलाप नहीं किया, प्रतिकार भी किया। भक्ति के आँचल को ओढ़े हुए, करुणा की आँखें लिए, और तलवार की धार पर धर्म की रक्षा का संकल्प लिए जो परंपरा उठ खड़ी हुई – वह *सिख परंपरा* थी।
अमृतसर की धूल ने वह दिन देखा था 16 जून 1606 – जब एक युवक, जिसकी आँखों में पिता की शहीदी का धुआँ था, और हृदय में लाखों की वेदना, उसने मिट्टी पर एक मंच बनवाया। यह कोई दरबार नहीं था, यह काल के लिए एक चुनौती थी। गुरु हरगोबिंद साहिब ने उस मंच को कहा — “यह अकाल का तख़्त होगा।”
‘अकाल’ – यानी जो कभी मरता नहीं। और ‘तख़्त’, यानी सिंहासन।
यह तख़्त किसी राजा का नहीं था, किसी साम्राज्य का नहीं, बल्कि वह स्थान था जहाँ से धर्म, साहस और सेवा का संतुलन बोला गया। यह सिंहासन न्याय का, आत्मबल का और हिंदू आत्मा की अविनाशी जिजीविषा का था।
ध्यान दीजिए – यह वही समय था जब पिता गुरु अर्जुन देव जी को इस्लाम स्वीकार न करने के कारण गर्म तवे पर बैठा दिया गया। उनके शरीर पर खौलता पानी डाला गया, लेकिन उन्होंने ‘राम’ का नाम नहीं छोड़ा। यह बलिदान सनातन की रक्षा के लिए था, न कि किसी नये संप्रदाय की घोषणा के लिए। यही परंपरा गुरु तेग बहादुर तक पहुँची – जिन्होंने काश्मीर के पंडितों की रक्षा के लिए अपना शीश दे दिया, वह भी तब जब कोई भी राजघराना आगे आने को तैयार नहीं था।
तो फिर क्या यह सिख परंपरा अलग है?
नहीं, यह कोई अलग नदी नहीं – यह उसी गंगा की धारा है, जिसने वेदों को जन्म दिया, गीता का उपदेश रचा, और रामकथा को जन-जन तक पहुँचाया।
सिख परंपरा मीरी और पीरी का अनूठा संगम है। ‘मीरी’ यानी सांसारिक सत्ता, और ‘पीरी’ यानी आत्मिक सत्ता। जहाँ स्वर्ण मंदिर में आत्मा शांत होती है, वहीं सामने खड़ा अकाल तख़्त आत्मा को चेताता है।
कहता है – “यदि धर्म पर संकट आए, तो केवल मंत्र नहीं, संकल्प भी चाहिए। केवल भजन नहीं, बलिदान भी।”
यह परंपरा तब भी अडिग रही जब गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने चारों पुत्रों को धर्म के लिए बलिदान होते देखा, और फिर भी कहा –
“चिड़ियों से मैं बाज लड़ाऊँ, सवा लाख से एक लड़ाऊँ।”
क्या यह केवल वीरता थी?
नहीं, यह था धर्म के लिए, हिंदू जीवनमूल्यों की रक्षा के लिए संग्राम।
आज कुछ लोग, चाहे वे बाहरी हों या आत्मविस्मृति के शिकार – यह नैरेटिव खड़ा करने में लगे हैं कि सिख धर्म की अलग पहचान है, एक अलग परंपरा है। …पर वे भूल जाते हैं कि गुरु ग्रंथ साहिब में राम, हरि, गोविंद, कृष्ण, शिव, परब्रह्म के नाम गूंजते हैं।
उसी में वेदों की रेखा है, भगवद्गीता की भाषा है।
कबीर की निर्गुण वाणी से लेकर नामदेव, रविदास और जयदेव तक — हर कोई एक ही सत्य को गा रहा है।
अकाल तख़्त हमें यह सिखाता है कि धर्म केवल ध्यान की मुद्रा में बैठा साधु नहीं है-
धर्म है, वो जो समय पर तलवार उठाए, मगर बिना द्वेष के।
धर्म वो है जो सेवा करे, चाहे वो लंगर में रोटी परोसे, या बॉर्डर पर गोली खाए।
धर्म वो है जो रोते हुए शत्रु को भी पानी दे, और अन्याय के विरुद्ध पर्वत बन जाए।
सिख परंपरा ने न केवल हिंदू धर्म की आत्मा को जीवित रखा, बल्कि उसकी देह को भी बचाया।
आज भी जब कहीं आपदा आती है – तो पहले जो लोग पहुँचते हैं, वे होते हैं पगड़ीधारी सेवक। कभी साइकिल पर सिलेंडर लेकर जाते, कभी गुरुद्वारे के लंगर से भूख मिटाते। उनका धर्म सेवा है, और सेवा ही सच्चा तप है।
आज यदि भारत में सनातन की लौ जल रही है, तो उसमें सिख परंपरा का घी भी है। आज यदि राष्ट्र में पराक्रम की गूंज है, तो उसमें खालसा की हुंकार भी है।
जो यह समझने में चूक करता है, वह न केवल इतिहास के साथ अन्याय करता है, बल्कि भारत माता की आत्मा से भी।
इसलिए, जब हम 16 जून को श्री अकाल तख़्त साहिब सृजन दिवस मनाते हैं, तो यह केवल ईंट-पत्थर की एक इमारत की वर्षगांठ नहीं है।
यह उस अदृश्य धर्मबल की पुनः स्मृति है – जो आज भी, समय के पार, खड़ा है… अडिग, अचल, अखंड।
यह उस चेतना का उत्सव है – जिसमें तलवार भी है, तस्लीम भी; सेवा भी है, संकल्प भी; भक्ति भी है, बलिदान भी।
यह उस परंपरा का नमन है — जो कभी “हिंद की चादर” कहलाए, कभी “गुरु के प्यारे”, और हमेशा भारत माँ के सच्चे रक्षक।

