गाजीपुर: नारी शक्ति पदयात्रा का सफल आयोजन
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा नारी शक्ति पदयात्रा का सफल आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का शुभारंभ प्राचार्य कक्ष से होकर विकास भवन, जनपद गाजीपुर तक किया गया।
यह पदयात्रा आज के समय में नारी शक्ति के बढ़ते महत्व और राष्ट्र निर्माण में उनके सशक्त योगदान का प्रतीक बनी। वर्तमान युग में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर, बल्कि कई क्षेत्रों में उनसे आगे बढ़कर अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विजय कुमार राय ने छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति तब तक अधूरी है, जब तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित न हो। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर प्रोफेसर विलोक सिंह, प्रोफेसर कृष्णानंद चतुर्वेदी, डॉ रामधारी राम, NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ कृष्णकान्त दुबे, डॉ देव प्रकाश राय तथा डॉ सन्ने सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

