अपना जिला

आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के मेडिकल अफसर की स्क्रीनिंग परीक्षा डेढ़ सौ अंकों की होगी

इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी और होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के 1140 पदों पर होनी वाली सीधी भर्ती के लिए 30 सितंबर को स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। पदों की संख्या काफी अधिक है, सो आयोग पहली बार इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा कराने जा रहा है। आयोग ने शुक्रवार को परीक्षा का प्रारूप जारी कर दिया।

होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के 596 और आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी के 544 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए स्क्रीनिंग परीक्षा 150 अंकों की होगी। सामान्य ज्ञान के 30 और पद पर भर्ती के लिए निर्धारित विषय से 120 सवाल पूछे जाएंगे। सभी सवाल वस्तुनिष्ठ प्रकार के होंगे। हर सवाल के लिए एक अंक निर्धारित होगा और गलत जवाब देने पर एक तिहाई अंक माइनस मार्किंग के रूप में काट लिए जाएंगे। पेपर हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा इलाहाबाद और लखनऊ जिले के विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी।

आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी पद के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे और होम्योपैथिक पद के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। आयोग के सचिव जगदीश के मुताबिक परीक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग ने शुक्रवार को ही निर्णय लिया है कि चयन में स्क्रीनिंग परीक्षा के अंक भी जोड़े जाएंगे, लेकिन इस भर्ती प्रक्रिया में यह व्यवस्था लागू नहीं होगी। नई नियमावली लागू होने के बाद जिन भर्ती परीक्षाओं के विज्ञापन जारी किए जाएंगे, उनमें स्क्रीनिंग परीक्षा के अंक चयन में जोडे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *