10 रुपया का सिक्का न लेना पड़ा महंगा, अदालत ने लगाया 2 सौ का जुर्माना
मध्यप्रदेश। दुकानदार द्वारा ग्राहक से ₹10 का सिक्का ना लेना उसे काफी महंगा पड़ा। मामले में अदालत ने उक्त दुकानदार पर ₹200 का जुर्माना के साथ उसे अदालत न उठने तक की सजा दी।
बताते चले कि राज्य के मुरैना जनपद के जौरा कस्बे में बनियापारा स्थित दुकानदार अरुण जैन से ग्राहक आकाश ने पिछले साल 17 अक्टूबर 2017 को दो रुमाल खरीदा और दुुकानदार को 10-10 रुपये के दो सिक्के दिये। दुकानदार ने उसमेें से 10 रुपये का एक सिक्का यह कहते हुए लेने से इंकार कर दिया कि अब यह चलन में नहीं है। आकाश ने कहा कि यह सिक्का चलन में है, प्रशासन का सख्त आदेश भी है कि कोई भी सिक्कों को लेने से इनकार नहीं कर सकता। लेकिन दुकानदार ग्राहक की एक न सुनी और पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया। मजबूरन ग्राहक आकाश को बिना रुमाल लिए ही दुकान से लौटना पड़ा।
दुकानदार के व्यवहार से नाराज होकर ग्राहक आकाश ने स्थानीय जोरा थाने में सिक्का न लेने की बात पर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए दुकानदार अरुण जैन को गिरफ्तार कर लिया। जांच के बाद प्रकरण का चालान अदालत में पेश किया। मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट जौरा ने प्रकरण की सुनवाई के बाद दुकानदार अरुण जैन को भादंवि की धारा 188 के तहत कलेक्टर के आदेश की अवहेलना करने का दोषी पाया और उसे अदालत उठने तक की सजा और 200 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

