वाराणसी में सिटी के स्थान पर शीघ्र ही जंक्शन व मडुवाडीह तक जाएंगी ट्रेन
◆ बनारस की यात्रा में शीघ्र ही मिलेगी बड़ी सहूलियतें
मऊ। सब कुछ ठीक रहा तो आगामी दिसंबर तक मऊ की तरफ से बनारस को जाने वाली ट्रेनें आपको कैंट वाराणसी जँ. व मडुवाडीह तक कि यात्रा करवाएंगी। उक्त बातें केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने पत्रकार श्रीराम जायसवाल “रेलयात्री परामर्शदात्री समिति सदस्य” द्वारा प्रेस वार्ता में पूछे गए एक सवाल के जवाब में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया।
रविवार को गाजीपुर में क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान गाजीपुर में उद्घाटन समारोह के बाद संक्षिप्त प्रेस वार्ता में मनोज सिन्हा ने पत्रकारों के कई सवालों का विस्तृत जवाब दिया। जिसमें मऊ गाजीपुर से पत्रकार व पूर्वोत्तर रेलवे रेल यात्री परामर्शदात्री समिति सदस्य श्रीराम जायसवाल ने गोरखपुर भटनी मऊ की तरफ से बनारस जाने वाली ट्रेनों को वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर रोक दिए जाने के बाद रेल यात्रियों की कैंट व मडुवाडीह तक पहुंचने में हो रही भारी फजीहत के संबंध में सवाल करने पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने बताया कि वाराणसी से कैंट के मध्य दोहरीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। दोहरीकरण हो जाने के बाद शीघ्र ट्रेनें वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) व उसके बाद मडुवाडीह तक भेजी जाएंगी, जिससे वाराणसी शहर के साथ ही दूरस्थ महानगरों की यात्रा करने वाले यात्री वाराणसी जंक्शन व काशी हिंदू विश्वविद्यालय, ट्रामा सेंटर इत्यादि स्थलों को जाने वाले रेलयात्री सुगमतापूर्वक यात्रा कर सकेंगे।
गौरतलब हो कि अब तक कृषक एक्सप्रेस, वाराणसी गोरखपुर इंटरसिटी, वाराणसी छपरा इंटरसिटी सहित सभी सवारी गाड़ियों को वाराणसी सिटी में ही रोक दिया जाता है, व वहीं से संचालित किया जाता है। जिससे वाराणसी जंक्शन कैंट रेलवे स्टेशन से व मडुवाडीह रेलवे स्टेशन से आगे महानगरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी फजीहत का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह होती है लगेज व समान के साथ यात्रीयों को वाराणसी सिटी से जंक्शन व मडुवाडीह तक पहुंचने में ऑटो रिक्शा इत्यादि में अनावश्यक खर्च के साथ ही यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उक्त ट्रेनों के मडुवाडीह तक पहुंचने से पूर्वोत्तर रेलवे के यात्रियों को काफी सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगे।

